
Gautam Buddha Nagar: गौतमबुद्ध नगर जनपद में दादरी नगर के रेलवे रोड स्थित एक कॉलोनी से नाबालिक छात्रा का अपरहण करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह वारदात नजदीक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार व छात्रा की बरामदगी में लगी है।
पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के एक गांव निवासी छात्रा नगर के रेलवे रोड स्थित कालोनी के इंटरमीडिएट स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ाई करती है। छात्रा स्कूल वैन से आवागमन करती है। रोजमर्रा की तरह बृहस्पतिवार को छात्रा स्कूल की वैन में सवार होकर अपने घर से स्कूल आई थी और छुट्टी होने से पूर्व छात्रा स्कूल से निकल गई। निकलने के बाद स्कूल से कुछ दूरी पर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में छात्रा जाते हुए कैद हो गई।
जब छात्रा समय से अपने घर पर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। छात्रा की तलाश में परिजन स्कूल में पहुंचे, जहा छात्रा नहीं मिली। आसपास नाबालिग छात्रा तलाशने के बाद कोई सुराग नहीं लगा। छात्रा के पिता ने छात्रा को अपहरण कर ले जाने के मामले की शिकायत पुलिस से की है।
तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस छात्रा व आरोपी की तलाश में लगी है। प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह का कहना है कि नाबालिग छात्रा के अपहरण के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने में लगी है। जल्द ही छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा।