Greater Noida News : तातारपुर-चोना प्रकरण को लेकर गुर्जर समाज ने दिया अल्टीमेटम
दादरी
RP Raghuvanshi
08 Aug 2022 06:41 PM
दादरी
RP Raghuvanshi
08 Aug 2022 06:41 PM
Greater Noida / Dadri : ग्रेटर नोएडा/दादरी। दूध की बाइक को लगी टक्कर के बाद उपजे चोना नगला और तातारपुर गांव में हालात अभी भी सामान्य नहीं है। गुर्जर और राजपूत समाज के बीच अभी भी तनाव बरकरार है। गुर्जर समाज ने ग्रेटर नोएडा में परी चौक पर स्थित गुर्जर शोध संस्थान के सामने प्रदर्शन किया। इनकी मांग थी कि सीसीटीवी कैमरे में कैद उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। इस बाबत पुलिस को शिकायत पत्र दिया गया है।
गौरतलब है कि विख्यात बिसाहडा गांव के नजदीक बसे चोना-नगला और तातारपुर गांव के युवाओं के बीच 30 तारीख को झगड़ा हो गया था। यह इतना बड़ा मुद्दा बना कि गुर्जर और ठाकुर समुदाय के युवा आमने-सामने आ गए। तातारपुर गांव के पास स्थित दुकानों में तोडफ़ोड़ की गई और लोगों को पीटा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लेकिन इस कार्यवाही को लेकर सवालिया निशान लग रहे हैं। नगला गांव के निवासी संतुष्ट नहीं है। इस मामले ने तूल तब पकड़ा जब खेड़ा चोना गांव के पूर्व प्रधान सत्ते की (17 वर्षीय) बेटी नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस मामले में रविवार को गुर्जर समाज के लोगों ने ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर स्थित गुर्जर शोध संस्थान पर प्रदर्शन किया। इनकी तरफ से कुछ शिकायती पत्र भी पुलिस को दिए गए हैं। नगला निवासी शेर सिंह नागर पुत्र अतर सिंह ने अपनी शिकायत में सूरज पुत्र लालू, आकाश पुत्र जगपाल, नीरज पुत्र सुभाष, रवि पुत्र गेंदा, अखिल पुत्र अज्ञात निवासी तातारपुर और अमित पुत्र बसंत निवासी तातारपुर, गोलू पुत्र सुभाष सहित आठ लोगों को नामजद किया है। शिकायती पत्र के साथ एक पेन ड्राइव भी पुलिस को देने की बात कही गई है। इस पेन ड्राइव में वह वीडियो है जिसमें ये सारे आरोपी युवक तोडफ़ोड़ करते दिख रहे हैं। ऐसा ही एक शिकायती पत्र विनोद पुत्र अमन सिंह निवासी चोना ने भी पुलिस को दिया है। जिसमें अपने मेडिकल स्टोर पर हमला करके तोडफ़ोड़ करने की कार्रवाई का जिक्र किया है। एक शिकायती पत्र महावीर निवासी चोना ने भी दिया है जिसमें उसने जिम में तोडफ़ोड़ करने की शिकायत की गई है।
गांव में करेंगे सर्व जातीय पंचायत : रविंद्र
आजाद समाज पार्टी के नेता और दादरी विधानसभा से चुनाव लड़े रोजा जलालपुर निवासी रविंद्र भाटी के नेतृत्व में गुर्जर समाज नेरविवार को गुर्जर शोध संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया। इनका दावा है कि उनकी मांग पूरी नहीं गई तो एक सप्ताह बाद चोना-नगला गांव में सर्व समाज की महापंचायत बुलाई जाएगी और उसमें आगे की रणनीति बनेगी। श्री भाटी ने कहा कि प्रशासन को एकतरफा कार्यवाही नहीं करनी चाहिए जो भी आरोपी सीसीटीवी फुटेज में है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गिरफ्तार करना चाहिए।
शोध संस्थान राजनीति का अखाड़ा नहीं : योगेंद्र
शोध संस्थान के अध्यक्ष योगेंद्र चौधरी ने चेतना मंच से कहा कि शोध संस्थान की स्थापना समाज के उत्थान के लिए की गई है। इसे राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने दिया जाएगा। किसी को भी ऐसी अनुमति नहीं है कि वह राजनीतिक मुद्दों को लेकर यहां चर्चा करें। इसलिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का निर्माण उसके बौद्धिक क्षमता पर निर्भर करता है और शोध संस्थान की स्थापना इसी मकसद से की गई है।
इससे किसी का भला नहीं होगा : सिसोदिया
इस गंभीर मसले को लेकर चेतना मंच ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष और मौजूदा समय में किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सत्येंद्र सिसोदिया से बात की। सत्येंद्र सिसोदिया ने फोन पर बात करते हुए कहा कि किसी भी समाज का टकराव से भला नहीं होगा। दोनों समाज के बुद्धिजीवियों और आसपास के ग्राम प्रधानों को एकत्र होना चाहिए और दोनों जातियों के बीच जो सौहार्दपूर्ण माहौल पहले था वैसा ही बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं इसके लिए निरंतर प्रयासरत हूं।