Greater Noida News : रामलीला के मंच पर राजनीतिक रंग पर कमेटी में बवाल
Ruckus in the committee on political color on the stage of Ramlila
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:13 AM
संयोजक पर रामलीला मंच का राजनीतिक उपयोग करने का आरोप
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा। दादरी के अग्रसेन इंटर कॉलेज में चल रही पवित्र रामलीला, रावण दहन से पूर्व ही राजनीति की भेंट चढ़ती दिखाई पड़ रही है। रामलीला के पवित्र मंच से राजनीति अभी रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस वजह से मंगलवार को रामलीला मंच के मुख्य यजमान एवं कमेटी के सदस्य ने अपने साथियों के साथ कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। इतना ही नहीं, रामलीला कमेटी के संयोजक पर रामलीला के पवित्र मंच का दुरुपयोग किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
Greater Noida News :
बता दें कि दादरी के अग्रसेन इंटर कॉलेज में श्री लवकुश धार्मिक रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को क्षेत्रीय सांसद डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए थे। उस दौरान कमेटी के संयोजक ने कमेटी के नियमों को ताक पर रखते हुए अपने राजनीतिक होर्डिंग रामलीला के मंच पर लगा दिए थे। इतना ही नहीं, कमेटी के संयोजक के खास और मंच के संचालक ने भी रामलीला के मंच को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया और कई सम्मानित व्यक्तियों को बगैर नाम लिए व सम्मानित किए ही मंच से नीचे उतार दिया। जबकि ऐसी ही घटना मंच संचालक द्वारा दो दिन पूर्व एक आरएसएस के पदाधिकारी के साथ भी की गई थी। जिसे लेकर भी रामलीला में काफी बवाल हुआ था।
मंगलवार को तब हद हो गई, जब कमेटी के संयोजक ने डॉ. महेश शर्मा के आने की सूचना कमेटी के अन्य सदस्यों एवं संरक्षकों तक को नहीं दी। इसके अलावा शहर के कुछ प्रबुद्ध लोगों का तो यहां तक आरोप है कि कमेटी के संयोजक द्वारा रामलीला के पवित्र मंच को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मंच बना दिया गया है। जिसका वह स्वयं जिस तरह चाहे उपयोग कर सकते हैं। लोगों का आरोप यह भी है कि कमेटी के संयोजक रामलीला के पवित्र मंच का इस्तेमाल नगर निकाय चुनाव में टिकट प्राप्ति के लिए कर रहे हैं। यही वजह है कि कमेटी द्वारा एक पार्टी विशेष एवं एवं कुछ खास लोगों को छोड़कर समाज के अन्य प्रबुद्ध लोगों को भी इस रामलीला में शामिल नहीं किया गया है। यही वजह रही की मंगलवार को वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता राव नीरज भाटी भी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुए। जबकि मंगलवार को उन्हें रामलीला के मंच पर मुख्य यजमान के तौर पर उपस्थित होना था। ऐसे में दादरी की रामलीला, रावण दहन से पूर्व ही राजनीति का अखाड़ा बनती नजर आ रही है।