Greater Noida News: प्रदेश में बनेगी सपा सरकार: भाटी
दादरी
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:32 AM
दादरी/ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व प्रखर राजनेता राजकुमार भाटी ने दावा किया है कि वर्ष-2022 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गौतमबुद्धनगर जिले की दो विधानसभा सीटों पर सपा की जीत तय हो चुकी है। नोएडा सीट पर और अधिक मेहनत करके तीनों सीट जीत लेंगे।
श्री भाटी ने चेतना मंच के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम जनता ने फैसला कर लिया है कि किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, छोटे व्यापारी एवं गरीब विरोधी भाजपा सरकार का सफाया करना है। श्री भाटी ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, हमारे सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी एवं ओमप्रकाश राजभर प्रदेश भर में दौरे कर रहे हैं। इन नेताओं को आशीर्वाद देने के लिए समाज के हर वर्ग के लोग स्वत: लाखों की संख्या में आ रहे हैं। प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। श्री भाटी ने कहा कि मैं एक राजनीतिक विश्लेषक के तौर पर यह पक्का दावा कर रहा हूं कि वर्ष-2022 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बनेंगे। प्रदेश में सपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
एक सवाल के जवाब में श्री भाटी ने कहा कि गौतमबुद्धनगर जिले की दादरी व जेवर विधानसभा सीट पर सपा गठबंधन की जीत पक्की हो चुकी है। नोएडा विधानसभा सीट पर अभी और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। पार्टी के नेता व कार्यकर्ता वहां भी मेहनत कर रहे हैं। हम जिले की तीनों विधानसभा सीट जीत कर एक नया इहितास बनाएंगे। श्री भाटी ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि पूरी तरह से पंगु हैं। विधायकों व सांसदों तक की किसी सरकारी विभाग अथवा पुलिस थानों में सुनवाई होना तो दूर दरोगा तक विधायकों के फोन नहीं उठाते हैं। ऐसे में जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा? उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि इस बार चुनाव जाति व धर्म के आधार पर नहीं होने दिए जाएंगे। इस बार के चुनाव जनता की समस्याओं के समाधान व क्षेत्र के विकास के मुद्दों पर होंगे। समाजवादी पार्टी प्रत्येक गांव, गली, मौहल्ले एवं कस्बों की समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठाती रही है। सरकार बनते ही जनता की सभी मूलभूत समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। जिले में पंचायत व्यवस्था को पुन: बहाल कराना, छोटी-छोटी कालोनियों का सम्पूर्ण विकास कराना, अवैध बताकर कालोनियों के लोगों के उत्पीडऩ की प्रथा को समाप्त कराना, यहां के उद्योगों में स्थानीय युवा वर्ग को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे एक दर्जन से भी अधिक मुददों को वे तथा उनकी पार्टी चुनाव में प्रमुख मुददा बनाने वाली है।