शिक्षा माफि याओं तक नहीं पहुंच पा रही है मेरठ की पुलिस ,ठगी के आरोपी चला रहे हैं स्कूल
Noida News: Cheated in the name of Ayushman Bharat Employment Scheme
दादरी
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:39 AM
मेरठ/नोएडा/दादरी । छोटे-छोटे असली व नकली मामलों में रोज सैकड़ों लोगों को जेल भेजने वाली मेरठ पुलिस दो शिक्षा माफियाओं तक नहीं पहुंच पा रही है। फर्जी कागजों के जरिए स्कूल चलाने वाले शिक्षा के इन दुकानदारों के विरूद्ध आधा दर्जन गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। चेतना मंच ने 24 जून के अंक में इस मामले का पूरा खुलासा किया था। मेरठ के संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ला के अनुसार गौतमबुद्धनगर जिले की दादरी तहसील क्षेत्र में आमका रोड पर स्थित सनराइज एकेडमी तथा उसी तहसील के वैदपुरा गांव में स्थित इंस्पायर इंटरनेशनल स्कूल को फर्जी एनओसी के जरिए चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं, इन दोनों स्कूलों के कर्ताधर्ताओं ने सरकारी व्यवस्था का मजाक बनाते हुए फर्जी दस्तावेज तक तैयार कर रखे हैं। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के सहारे सीबीएसई से मान्यता भी प्राप्त कर ली गई है।
श्री शुक्ला ने बताया कि सनराइज एकेडमी के प्रबंधक सुभाष सिंह ने सीबीएसई की मान्यता लेने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशालय में आवेदन जरूर किया था, किन्तु उनके दस्तावेजों में अनेक खामियां थीं। इसी प्रकार इंस्पायर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक गोपाल नागर ने भी आवेदन किया था। उनके दस्तावेज भी आधे-अधूरे थे। आधे-अधूरे दस्तावेजों के आधार पर निदेशालय कोई एनओसी जारी नहीं करता है। इन दोनों स्कूलों के संचालकों ने फर्जी एनओसी तैयार करके सीबीएसई में मान्यता के लिए आवेदन किया और मान्यता प्राप्त कर ली। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस गड़बड़ी का मामला हमारे संज्ञान में आया वैसे लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है।
मेरठ के लालकुर्ती थाने में दर्ज रिपोर्ट में साफ आरोप है कि सुभाष सिंह व गोपाल नागर ने फर्जी कागजों के जरिए सीबीएसई जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान से स्कूल की मान्यता हासिल कर ली है। लालकुर्ती थाने की पुलिस ने धारा- 420/467 व 468 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर रखी है।
इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुए एक सप्ताह हो चुका है। प्रतिदिन छोटे-छोटे मामलों में सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजने वाली मेरठ पुलिस इन दो शिक्षा माफियाओं को छू भी नहीं पा रही है। दोनों ही स्कूल आज भी धड़ल्ले से चल रहे हैं। इस विषय में पूछे जाने पर मेरठ के पुलिस अधीक्षक (नगर) विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले का जल्द ही पर्दाफाश करेगी।