
Nagar Nikay Chunav : नोएडा/दादरी (चेतना मंच)। शहरों की सरकार यानी नगर निकाय चुनाव का डंका बज चुका है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल जिताऊ प्रत्याशियों पर दांव लगाने में जुटे हुए हैं। पूरे प्रदेश के साथ गौतमबुद्धनगर जिले में भी जिताऊ प्रत्याशियों के नामों पर ही मंथन चल रहा है। यहां के दादरी कस्बे पर ज्यादा फोकस है।
सब जानते हैं कि यूपी नगर निकाय के चुनावों को लोकसभा आम चुनाव का ‘‘रिहर्सल’ माना जा रहा है। ऐसे में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने इन चुनावों के लिए अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। गौतमबुद्धनगर जिले में सर्वाधिक फोकस दादरी नगर पालिका पर है। जेवर, दनकौर, रबूपुरा व बिलासपुर कस्बों में भी राजनीतिक समीकरण साधने के प्रयास सभी राजनीतिक दल कर रहे हैं।
जानकार सूत्रों की मानें तो दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद पर सत्तारूढ भाजपा अपनी जीत पक्की मानकर चल रही है। यही कारण है कि दादरी में भाजपा से अध्यक्ष पद के दावेदारों की बड़ी संख्या है। यहां पार्टी को जातीय समीकरण बैठाने में पसीने छूट रहे हैं। विपक्षी दल भाजपा प्रत्याशी की घोषणा हो जाने के बाद अपने प्रत्याशी तय करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कौन होगा दादरी में भाजपा से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी?
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि कस्बे में ब्राह्मण समाज व वैश्य समाज के दावेदारों के बीच ‘‘पेंच’’ फंसा हुआ है। पार्टी का एक धड़ा जहां ब्राह्मण समाज को दादरी का स्वभाविक दावेदार मान रहा है तो दूसरा धड़ा वैश्य समाज के चेहरों को आगे करके अपने राजनीतिक ‘‘समीकरण’’ फिट करना चाहता है। यहां भाजपा के दो सांसदों की पसंद अलग-अलग बताई जा रही है। यह अलग बात है कि राज्यसभा वाले सांसद खुलकर सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं, किन्तु अपनी पुरानी आदत के मुताबिक पर्दे के पीछे से गोटियां चल रहे हैं। लोकसभा वाले सांसद जी की पहली पसंद निवर्तमान अध्यक्ष गीता पंडित को बताया जा रहा है। किन्तु इसमें जातिवादी ठप्पा लगने का भय भी उन्हें सता रहा है। वैसे भी जिले के सभी कस्बों में ब्राह्मण दावेदारों की दावेदारी को देखते हुए इस बार दादरी में वैश्य समाज के प्रत्याशी पर दांव लगाए जाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। कुछ भी हो, दादरी में अध्यक्ष पद का प्रत्याशी तय करना भाजपा के लिए मुश्किल काम साबित हो रहा है।
उधर समाजवादी पार्टी के नेता दादरी में पुराने बसपाईयों व अपनी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में से किस पर दांव लगाएंगे यह देखना भी दिलचस्प होगा। चुनाव को चर्तुष्कोणीय बनाने के लिए कांग्रेस व आम आदमी पार्टी में भी दादरी के प्रत्याशी को लेकर व्यापक जोड़-तोड़ चल रही है। बताया जाता है कि आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी का नाम पहले ही तय कर रखा है। केवल भाजपा के उस कार्ड की प्रतीक्षा की जा रही है कि भाजपा किस समाज से प्रत्याशी उतारेगी।
इस बीच खबर आ रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने दादरी नगर पालिका सीट से चुनाव लडऩे वाले तीन लोगों के नाम प्रदेश नेतृत्व को भेजे हैं। इन तीन नामों में वर्तमान चेयरमैन श्रीमती गीता पंडित, पवन बंसल तथा जगभूषण गर्ग के नाम शामिल बताए जाते हैं।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने जिला इकाई से तीन-तीन नामों के पैनल मांगे थे। इसी कड़ी में जिला इकाई की ओर से इन तीन नामों को प्रदेश नेतृत्व को भेजा गया है और शीघ्र ही एक नाम पर मुहर लग सकती है। वैश्य समाज एवं ब्राह्मïण समाज में टिकट को लेकर कांटे की लड़ाई दिखाई पड़ रही है। अब देखना यह है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व किसको टिकट देता है। Nagar Nikay Chunav