Dadri : दादरी थाना दादरी क्षेत्र के नया गांव के पास नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से नहर में फेंक दिया गया।
थाना दादरी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि कल पुलिस को सूचना मिली थी कि नया गांव के पास नहर में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि शव करीब 2 से 3 दिन पुराना लग रहा है और वह पानी में पड़ा रहने का कारण फूल गया है। शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नहर से युवक का शव मिलने पर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
युवक ने जहर खाया
Noida : नोएडा । थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के छलेरा गांव में रहने वाले एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक छलेरा गांव में शशिनाथ अपने परिवार सहित रहते हैं। बीती शाम उनके 25 वर्षीय पुत्र सौरभ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे सेक्टर 30 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में सौरव का उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि सौरभ ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया इसके बारे में पता नहीं चल पाया है।
दूसरी मंजिल से गिरकर किशोरी की मौत
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । थाना फेस दो क्षेत्र के हाजीपुर गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी घर की दूसरी मंजिल से गिर गई। गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हाजीपुर गांव निवासी विजेंद्र सिंह की (16 वर्षीय) पुत्री मानसी छत पर टहल रही थी। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर आ गिरी। सर में गंभीर चोटें आने के कारण उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मानसी की मौत हो गई।
दो मोबाइल झपटमार गिरफ्तार
Greater Noida :ग्रेटर नोएडा । स्कूटी पर सवार होकर राहगीरों से मोबाइल फोन झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को फेस वन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक राहगीर से गत दिनों लूटा गया फोन बरामद हुआ है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदीप पेपर मिल के पास से दीपक पुत्र इंद्र व धीरज उर्फ अनुज पुत्र महेंद्र को हिरासत में लिया। तलाशी में इनके पास से छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ। इनका एक साथी राहुल मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने झपटमारी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। फोन झपटने के बाद वह उसे सस्ती दरों पर लोगों को बेच देते थे। पुलिस इनके फरार साथी की तलाश कर रही है।
शराब की तस्करी करते दो पकड़े
Noida : नोएडा । आबकारी विभाग की टीम ने सेक्टर-14ए के पास दिल्ली से शराब ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध शराब बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग की टीम सेक्टर-14ए के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर के इशारे पर एक ई रिक्शा सवार दो लोगों को रोका गया। ई रिक्शा की तलाशी लेने पर उसमें से दिल्ली मार्का बीयर व शराब बरामद हुई।
आबकारी विभाग की टीम ने ई-रिक्शा सवार रंजीत पुत्र छोटे व दिनेश पुत्र कल्लू को हिरासत में लेकर थाना फेस वन पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।