UP Election 2022:प्रत्येक परिवार को मिलेगी 300 यूनिट फ्री बिजली, बेरोजग़ारी होगी ख़त्म
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:44 AM
Dadri/Greater Noida : दादरी/ ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता अतुल शर्मा एडवोकेट ने कहा है कि दादरी विधानसभा क्षेत्र की जनता एकजुट होकर सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी राजकुमार भाटी (Rajkumar Bhati) को चुनाव जिताने का फैसला कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही 300 यूनिट बिजली फ्री देकर जनता की सीधी आर्थिक मदद की जाएगी। साथ ही सभी बेरोजगार युवकों को रोजगार दिलाया जाएगा ।समाजवादी पार्टी के प्रमुख युवा चेहरा के रूप में उभर रहे अतुल शर्मा एडवोकेट ने यह बात चेतना मंच के साथ एक बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि मैं लंबे अरसे से भारतीय जनता पार्टी में था। वहां अनेक पदों पर काम किया किंतु क्षेत्र वासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान भाजपा की सरकार ने नहीं किया। अपने लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के मकसद से ही वे समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्हें पक्का यकीन है कि इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सरकार बनते ही प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री देकर उसकी सीधी आर्थिक मदद करेंगे ।दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं पढ़े-लिखे बेरोजगार युवक व युवतियों को रोजगार दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में ब्राह्मण समाज का घोर उत्पीडऩ हुआ है। सपा की सरकार में ब्राह्मण समाज का मान सम्मान व स्वाभिमान वापस बहाल होगा। भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
श्री शर्मा ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र की जनता बेहद जागरूक जनता है। इस क्षेत्र के सर्व समाज ने क्षेत्र में बदलाव का मन बना लिया है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि इस बार दादरी विधानसभा क्षेत्र से राजकुमार भाटी बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे। जो लोग यह प्रचार कर रहे हैं कि ग्रेटर नोएडा के सेक्टर व सोसाइटियों के वोट समाजवादी पार्टी के साथ नहीं है वे लोग यहां के जागरूक नागरिकों का अपमान कर रहे हैं। उन्हें पता चल जाएगा कि यहां का प्रत्येक नागरिक हमारे युवा नेता अखिलेश यादव जी को कितना प्यार करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का युवा हो, महिलाएं या बुजुर्गों हो, वे चाहे किसी भी जाति-धर्म अथवा समाज से हो, सब एकजुट होकर राजकुमार भाटी को चुनाव जिताने में जुटे हुए हैं।