दिल्ली के 50 स्कूलों को बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
भारत
चेतना मंच
20 Aug 2025 10:32 AM
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों ने हड़कंप मचा दिया है। बुधवार सुबह दिल्ली के करीब 50 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी भेजी गई जिसके बाद छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। धमकी भरे ये ईमेल दिल्ली के मालवीय नगर, करोल बाग, हौज रानी, प्रसाद नगर और अन्य इलाकों के स्कूलों को मिले हैं। इनमें कुछ प्रमुख निजी स्कूल भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड, बम डिस्पोजल टीम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। Bomb Threat
अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
फिलहाल राहत की बात यह है कि अब तक की तलाशी में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर कई स्कूलों को खाली करवा लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
लगातार मिल रही हैं धमकियां
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों को बार-बार इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। सिर्फ दो दिन पहले ही 32 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इससे पहले 18 अगस्त को भी द्वारका के दो स्कूल और एक कॉलेज को ऐसी ही धमकी मिली थी। 16 जुलाई को भी पश्चिम विहार, हौज खास और द्वारका के पांच स्कूलों को निशाना बनाया गया था।
ईमेल के जरिए मिल रही हैं धमकियां
सभी धमकियां ईमेल के माध्यम से दी जा रही हैं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी साइबर नेटवर्क के जरिए इन घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस और साइबर सेल इन ईमेल्स की जांच कर रही है ताकि इनके स्रोत का पता लगाया जा सके। बार-बार मिल रही इन धमकियों से अभिभावकों और छात्रों में गहरी चिंता है। एक अभिभावक ने कहा, "हर बार जब बच्चा स्कूल जाता है मन में डर बना रहता है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।"
दिल्ली पुलिस का कहना है कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही धमकी देने वालों की पहचान कर ली जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि, "अब तक मिली सभी धमकियों की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन हम किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं कर सकते। जांच पूरी सतर्कता के साथ जारी है।" Bomb Threat