दुकानों से गायब हुई बीयर! जानिए कहां छिपी है आपकी फेवरेट बोतल?
Delhi-NCR News
दिल्ली
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 11:32 PM
Delhi-NCR News : दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी में ठंडी बीयर का स्वाद भला किसे नहीं भाता? लेकिन इन दिनों राजधानी के बीयर प्रेमियों को अपनी पसंदीदा बोतल पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ट्यूबॉर्ग, बीरा, किंगफिशर, कार्ल्सबर्ग और बडवाइजर जैसी लोकप्रिय बीयर ब्रांड्स (Beer Brands) अचानक शहर की शराब दुकानों से गायब हो गई हैं। नजारा ऐसा है कि कई जगहों पर लोग दुकान-दुकान भटकते नजर आ रहे हैं।
सरकारी सिस्टम बना गले की फांस
दरअसल, दिल्ली सरकार की नई शराब नीति के तहत अब बिक्री पूरी तरह सरकारी ठेकों के जरिए ही हो रही है। इन ठेकों पर किन ब्रांड्स की उपलब्धता होगी इसका निर्णय खुद दुकानदार नहीं लेते बल्कि यह आबकारी विभाग और सरकारी एजेंसियों के जरिए तय होता है। कई दुकानदारों ने बताया कि इन एजेंसियों से इन दिनों बहुत सीमित मात्रा में स्टॉक आ रहा है। ऐसे में जो ब्रांड्स पहुंच भी रहे हैं वो कुछ ही घंटों में खत्म हो जाते हैं। कुछ जगहों पर तो एक ही ब्रांड उपलब्ध है वह भी सीमित यूनिट्स में।
NCR बन रहा बीयर हॉटस्पॉट
दिल्ली में जब पसंदीदा बीयर नहीं मिल रही तो कई शौकीन अब नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद की ओर रुख कर रहे हैं। इन इलाकों में निजी रिटेलर्स के पास स्टॉक भरपूर है, और ब्रांड्स की रेंज भी बेहतर।
नेपाल-भूटान की बीयर क्यों है हर शेल्फ पर?
दिल्ली की दुकानों में इन दिनों कुछ अनजाने ब्रांड्स जैसे भूटानी और नेपाली बीयर आसानी से मिल रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इन पर इंपोर्ट ड्यूटी नहीं लगती या बेहद मामूली होती है। साथ ही, दुकानों को इन ब्रांड्स पर ज्यादा मार्जिन भी मिलता है। इसी वजह से जहां लोकप्रिय भारतीय ब्रांड्स गायब हैं, वहीं ये विदेशी ब्रांड्स हर दुकान पर भरे पड़े हैं लेकिन स्वाद और विश्वसनीयता के मामले में उपभोक्ता इन्हें कम ही पसंद कर रहे हैं।
लाइसेंस में देरी और सरकारी लापरवाही
सूत्रों के मुताबिक, राजधानी की कई दुकानों के लाइसेंस समय पर रिन्यू नहीं हुए, जिस कारण उन्होंने नया स्टॉक मंगवाना रोक दिया था। अब जब रिन्यूअल प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो धीरे-धीरे नए ऑर्डर दिए जा रहे हैं। आबकारी विभाग का दावा है कि उनके पास सभी प्रमुख ब्रांड्स का स्टॉक मौजूद है, और जल्द ही उन्हें दुकानों तक पहुंचा दिया जाएगा।
तो कब मिलेगी आपकी मनपसंद बीयर?
अधिकारियों के अनुसार, हालात अगले कुछ हफ्तों में सुधर सकते हैं। लेकिन तब तक दिल्ली के बीयर प्रेमियों को या तो इंतजार करना होगा, या फिर NCR की दुकानों की दौड़ लगानी पड़ेगी।