
दिल्ली समाचार / नई दिल्ली। जब से देश की राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, दिल्ली वालों की तो मौज आई हुई है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली वालों पर जमकर मेहरबानी बरसा रहे हैं। पहले जहां दिल्ली वालों को फ्री बिजली और पानी दिया जा रहा था, वहीं अब दिल्ली वालों को फ्री में पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। हालांकि फ्री पार्किंग के यह व्यवस्था दिल्ली के केवल दो ही इलाकों में मिल सकेगी।
आपको बता दें कि दिल्ली के दो औद्योगिक क्षेत्र नरेला और बवाना में पार्किंग की समस्या को लेकर फैक्ट्री मालिकों ने उद्योग मंत्री सौरभ भारद्वाज से मुलाकात की थी। फैट्री मालिकों का प्रतिनिधि मंडल चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल के नेतृत्व में मंत्री के पास समस्या लेकर पहुंचा था। इस दौरान DSIIDC और बवाना इंफ्रा के अधिकारियों के साथ चली बैठक हुई। जिसमें फैक्ट्री मालिकों ने अपनी समस्याएं रखीं।
उद्योग मंत्री से बातचीत के दौरान फैक्ट्री मालिकों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में टोल बैरियर की बाध्यता खत्म की जानी चाहिए। इससे क्षेत्र में जाम की स्थिति बनती है। मंत्री से मिले प्रतिनिधि मंडल ने इस बात पर भी चिंता जताई कि टोल लगने से ट्रांसपोर्टेशन में आने वाली लागत बढ़ रही है। वहीं बवाना इंफ्रा के अधिकारियों ने कहा कि टोल बैरियर केवल व्यावसायिक वाहनों के लिए है। स्कूटर, बाइक और निजी कार को कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि फैक्ट्री मालिकों ने औद्योगिक क्षेत्र में हर तरह के ट्रांसपोर्टेशन टैक्स से छूट दी जानी चाहिए।
मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उद्यमियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि राजधानी के बवाना और नरेला औद्योगिक क्षेत्र में निजी एजेंसियों द्वारा वाहनों से लिया जा रहा पार्किंग और प्रवेश शुल्क अब नहीं देना होगा। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भरोसा दिया है कि बवाना में 15 अक्टूबर से पार्किंग चार्ज नहीं लगेगा।