
Arvind Kejriwal : नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाले को लेकर सीबीआई द्वारा भेजे गए समन के बाद रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सीबीआई के समक्ष पेश हुए थे। बताया जाता है कि अरविंद केजरीवाल सीबीआई दफ्तर से बाहर निकल चुके हैं। उनसे कुल 9 घंटे तक सीबीआई अधिकारियों ने पूछताछ की।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि आप प्रमुख केजरीवाल अपनी सरकारी काली रंग की एसयूवी में पूर्वाह्न करीब 11 बजे कड़ी सुरक्षा वाले सीबीआई मुख्यालय पहुंचे थे।
केजरीवाल करीब नौ घंटे की पूछताछ के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे जब इमारत से बाहर निकले तो उन्होंने बाहर इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियों की ओर हाथ हिलाया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दिन में भोजनावकाश लिया।
अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए रविवार को कार्यालय में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जब भी कोई वीआईपी एजेंसी में आता है तो यह सामान्य प्रक्रिया होती है।
आपको बता दें कि आप नेता मनीष सिसोदिया को इस मामले में करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद 26 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था और अधिकारियों ने कहा था कि उनके जवाब संतोषजनक नहीं थे। बाद में उन्होंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
केजरीवाल को सीबीआई के समन के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस ने पार्टी के कई शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिया।