
Dadri News : कोट गांव स्थित बहुचर्चित बाइक बोट के कार्यालय में बीती रात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
कोट गांव स्थित बाइक बोट के कार्यालय पर सिक्योरिटी गार्ड लोकेश बीती रात ड्यूटी पर था। रात्रि करीब 12 बजे 5,6 बदमाश बाइक बोट के कार्यालय में घुस आए। बदमाशों को देखकर सुरक्षा गार्ड ने शोर मचाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश ने लोकेश पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। लोकेश पर जानलेवा हमला करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिक्योरिटी गार्ड को उपचार के लिए शारदा अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती सिक्योरिटी गार्ड की हालत गंभीर बनी हुई है। एसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाइक बोट कार्यालय पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी।