Greater Noida News : न्यू ईयर के जश्न में महिला के साथ सेल्फी लेने पर विवाद, जमकर हंगामा
Controversy over taking selfie with woman in celebration of New Year, fierce commotion
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 09:06 PM
ग्रेटर नोएडा। देशभर में नए साल के स्वागत के लिए लोगों ने पूरी तैयारी कर जोर-शोर से नववर्ष मनाया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसायटियों में डीजे और ढोल की थाप पर लोगों ने जमकर डांस किया। नोएडा के 50 से अधिक बड़े पब और बार में जश्न मनाया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक हाउसिंग सोसायटी में कुछ लोगों के द्वारा हुड़दंग का मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने एक महिला के साथ जबरदस्ती सेल्फी लेने की कोशिश की। इस बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें चार लोगों को चोटें आई हैं। कोरोना संक्रमण के बाद तीन साल बाद पहली बार बड़े स्तर पर कार्यक्रम हुए हैं।
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत देर रात करीब साढ़े 11 बजे गौर सिटी हाउसिंग सोसायटी के फर्स्ट एवेन्यू के सेंटर पार्क में नए साल को लेकर लोगों ने मिलकर नववर्ष का जश्न मनाया। नए साल के जश्न मनाने के दौरान एक महिला के साथ जबरदस्ती सेल्फी लेने को लेकर दो पक्षों में लड़ाई हो गई। जिसका वीडियो वहां उपस्थित लोगों ने अपने मोबाइल के कैमरे में बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दो पक्षों की लड़ाई में चार लोगों को चोटें आई हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि 31 दिसम्बर 2022 को समय करीब साढ़े 11 बजे गौर सिटी फर्स्ट एवेन्यू थाना बिसरख के सेंटर पार्क में नए साल के उपलक्ष में चल रहे प्रोग्राम में सेल्फी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें चार लोगों को चोटें आई हैं। जिनका प्राथमिक उपचार कराकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।