Noida Crime: नए साल के जश्न पर पी जाते 22 लाख की शराब लेकिन....
Noida Crime
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:27 AM
Noida Crime: नोएडा। नए साल के जश्न में खपाने के लिए तस्करी करके लाई गई लाखों रुपए की हरियाणा मार्का शराब की खेप नोएडा पुलिस ने पकड़ी है। शराब की तस्करी में शामिल कुख्यात शराब माफिया केपी गैंग के तीन बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Noida Crime
डीसीपी नोएडा हरिश्चंद्र ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर रजनीगंधा चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक टाटा 407 को जांच के लिए रोका। टेंपो की तलाशी लेने पर इसमें से 400 पेटी (करीब 5000 लीटर) शराब हरियाणा मार्का की बरामद हुई। उन्होंने बताया कि टाटा 407 के अलावा इसके आगे चल रही हौंडा सिटी व बलेनो कार को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आशीष,रवि चौहान व नकुल नागर को गिरफ्तार किया है। टाटा 407 से बरामद शराब की कीमत करीब 22 लाख रुपए के आसपास है और यह नए साल के जश्न में खपाने के लिए तस्करी कर लाई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी शराब की तस्करी के लिए कुख्यात केपी गैंग के सदस्य हैं। पकड़े गए आरोपियों में केपी का बेटा आशीष भी शामिल है। उन्होंने बताया कि केपी एक कुख्यात शराब माफिया है और पुलिस द्वारा इसे पूर्व में एक बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया था। जमानत के बाद से केपी लगातार फरार चल रहा है और भूमिगत रहकर शराब के गोरखधंधे को अंजाम दे रहा है। केपी के गुर्गे हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली, नोएडा में सप्लाई करते हैं। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला है कि केपी ने दिल्ली में एक पार्किंग का ठेका ले रखा है। इसी पार्किंग में हरियाणा से शराब लाकर वाहनों को खड़ा किया जाता है। बड़ी खेप आने पर पार्किंग से ही छोटे-छोटे सप्लायरों को शराब की सप्लाई दी जाती है। इस मामले में केपी को भी नामजद किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं थाना फेस-1 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 2 एसबीआई बैंक के पास से छोटा हाथी (टेंपो) में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छोटा हाथी से 15 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों के नाम सलीम, अजय व ताजिब है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
तस्करी के लिए रूट करते थे चेंज:
शराब की तस्करी के दौरान केपी गैंग के सदस्य पूरी सावधानी बरतते थे। शराब के साथ वह पुलिस की पकड़ में ना आए इसलिए वह हर बार अपना रूट चेंज कर देते थे। डीसीपी ने बताया कि हरियाणा से बड़ी शराब की खेप के साथ टाटा 407 के आगे और पीछे दो से तीन वाहन चलते थे। किसी स्थान पर पुलिस के खड़ा होने पर आगे चल रहे वाहन में बैठे लोग पीछे के वाहन व चालकों को फोन कर सतर्क कर देते थे जिस कारण वह उस रूट को तुरंत ही चेंज कर दूसरे रूट से निकल जाते थे।