
Noida News (चेतना मंच)। गौतमबुद्घनगर में दूसरे चरण के तहत 11 मई को निकाय चुनाव का मतदान होना है। आज प्रत्याशियों के नामांकन वापसी की तिथि मुकर्रर है। यदि शाम तक भाजपा के बागी व दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जगभूषण गर्ग ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया तो भाजपा प्रत्याशी गीता पंडित के लिए श्री गर्ग गले की फांस बन सकते हैं।
इसी आशंका से बौखलायी भाजपा अब येन-केन प्रकारेण जगभूषण गर्ग पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उनके तथा उनके परिजनों को यहां हुए जीएसटी के छापे व धमकी को इसी कड़ी से जोडक़र देखा जा रहा है। बताया जाता है कि बागी निर्देलीय प्रत्याशी जगभूषण गर्ग दादरी से बाहर हैं। वहीं उनके समर्थन में आज दादरी में वैश्य व व्यापारी समाज ने पंचायत की।
सूत्रों की मानें तो जगभूषण गर्ग नामांकन वापस नहीं लेंगे तथा खुलकर गीता पंडित के सामने चुनाव लडऩे को कमर कस चुके हैं। उनको वैश्य समाज का खुला समर्थन भी बताया जा रहा है।
इस हकीकत से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता है कि जगभूषण गर्ग का नाम भाजपा को यहां स्थापित करने वाले चंद नेताओं की फेहरिस्त में शुमार है। वे कई वर्षों से भाजपा के कट्टर समर्थक व सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें भाजपा द्वारा प्रत्याशी न बनाया जाना वैश्य समाज को काफी अखर गया। वैश्य समाज ने बैठक करके सामूहिक रूप से जगभूषण गर्ग को चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया था।
सर्वविदित है कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अयूब मलिक ने बतौर बसपा प्रत्याशी वर्ष-2017 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गीता पंडित को कड़ी टक्कर दी थी। वे मात्र 1800 मतों से ही पीछे रहे थे। इस बार सपा से चुनाव लडऩे के बाद अयूब मलिक की स्थिति और भी बेहतर हुई है। इस बीच वैश्य समाज के वयोवृद्ध भाजपा कार्यकर्ता का निर्दलीय के रूप में चुनाव लडऩा सपा प्रत्याशी के लिए बिल्ली के भाग्य से छींका टूटना साबित हो रहा है।
सूत्र बताते हैं कि भाजपा के कददावर नेता अंतिम समय तक जगभूषण गर्ग को बैठाने का हर संभव प्रयास करेंगे। लेकिन उनके समर्थकों का दावा है कि वे चुनाव लड़ेंगे। यदि ऐसा हुआ तो गीता पंडित की चेयरमैन की जीत की हैट्रिक लगने पर तलवार लटकना तय माना जा रहा है।
दादरी। जगभूषण गर्ग के यहां जीएसटी के कथित छापे को लेकर आज दादरी का व्यापारी वर्ग लामबंद हो गया। व्यापारियों ने आज अग्रसेन धर्मशाला में एक बड़ी बैठक की। बैठक में पुलिस व जीएसटी की कार्यवाही का कड़ा विरोध किया गया। पंचायत का संचालन मुकेश शर्मा ने किया।
मौके की नजाकत को देखते हुए दादरी नगर पालिका की चेयरमैन पद की प्रत्याशी गीता पंडित भी बैठक में पहुंची तथा उन्होंने व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग देने की बात की। लेकिन व्यापारी अपने विरोध पर अड़े रहे। इसके बाद सभी व्यापारी दादरी कोतवाली पहुंचे। खबर लिखे जाने तक पुलिस के साथ व्यापारियों की वार्ता चल रही थी।
आप भी देखें वैश्य समाज के विरोध की पूरी झलक इस वीडियो में https://twitter.com/ManchChetna/status/1651500383188180994?t=TzLT_XZTrmxFlBHqYN-gUw&s=08