
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सिहानी गेट थाना क्षेत्र के तहसील परिसर में बुधवार को दिन दहाड़े हुई वकील मनोज चौधरी उर्फ मोनू हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक मनोज चौधरी की पत्नी कविता ने इस मामले में पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। थाना सिहानी गेट पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमित डागर और उसके भाई नितिन डागर को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
आपको बता दें कि बुधवार को दिन दहाड़े गाजियाबाद की सदर तहसील परिसर में चैंबर नंबर 95 अधिवक्ता मनोज चौधरी उर्फ मोनू की उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह खाना खा रहा था। हत्याकांड को दो नकाबपोश लोगों ने अंजाम दिया था। जिनकी बाद में पहचान अमित डागर और नितिन डागर के रूप में हुई थी। इस मामले में मनोज की पत्नी कविता ने अमित डागर, नितिन डागर, मदन डागर, अनुज और पालू उर्फ अमित को नामजद कराया था। कविता ने दर्ज कराई एफआईआर में कहा था कि उसकी ननद सरिता चौधरी पत्नी अमित डागर गृह क्लेश की वजह से अपने पति का घर छोड़कर मायके आकर रहने लगी थी। जिसके कारण सरिता का पति अमित अपनी ससुराल वालों से रंजिश रखने लगा था।
बताया जाता है कि बुधवार को अमित ने अपनी पत्नी सरिता को फोन कर धमकी दी थी कि वह उसकी राखी खराब कर देगा और उसने ऐसा ही किया। एक ओर जहां परिजन रक्षा बंधन पर्व की तैयारियों में व्यस्त थे, वहीं दूसरी ओर अमित डागर ने अपने भाई नितिन डागर के साथ मिलकर अपनी पत्नी के भाई मनोज चौधरी उर्फ मोनू की हत्या की खतरनाक साजिश रच दी थी। दोपहर अमित और नितिन दोनों सदर तहसील के चैंबर नंबर 95 में पहुंचे और मनोज की कनपटी पर तमंचा लगाकर गोली चला दी। मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद दोनों पैदल ही कचहरी से फरार हो गए।
देर रात पुलिस ने अमित डागर व नितिन डागर तथा पालू उर्फ अमित को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा और बाइक बरामद हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। इनके खिलाफ थाना सिहानी गेट में धारा 147, 148, 149, 302, 506 व 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। Ghaziabad News