
Ghaziabad News : (चेतना मंच)। गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन ने 10 दिन के अंदर दूसरी बार गाजियाबाद जिले के निजी स्कूलों द्वारा आरटीई (RTE) के तहत चयनित बच्चों के दाखिले नहीं लिये जाने और अधिकारियों के लचीले रवैये को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के कार्यालय पर हाथों में पोस्टर और स्लोगन लेकर ताली-थाली बजाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन और अभिभावकों द्वारा सभी बिंदुओं को विस्तार पूर्वक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को बताया गया। जिस पर बीएसए ने जीपीए को 7 दिन के अंदर आरटीई के सभी बच्चों के दाखिले कराने के लिये आश्वासन दिया।
गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन के सचिव अनिल सिंह और उपाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि इससे सरकार की मंशा पर भी सवाल उठता है कि क्या शिक्षा का मुद्दा सरकार के लिए अहमियत नहीं रखता है। इस मौके पर पवन शर्मा, अनिल सिंह, कौशल ठाकुर, नवीन राठौर, धर्मेंद्र यादव, नरेश कुमार, जसवीर रावत, राजू सैफी, पूजा, पूनम, अल्तमस, दीपेन्द्र, मुन्तजिर, पवन यादव, प्रदीप कुमार, अश्वनी तोमर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। Ghaziabad News