
Ghaziabad News : कमिश्नरेट बनने के बाद भी पुलिस कर्मचारियों के व्यवहार में बदलाव नहीं आ रहा है। पुलिस लाइन के सामने ही बीयर पी रहे वर्दीधारी सिपाही ने सामान के पैसे मांगने पर चाय की ठेली लगाने वाले दुकानदार से गाली-गलौज कर मारपीट की।
इसी समय एक राहगीर ने वीडियो बना लिया और ट्वीट के जरिए यूपी पुलिस व गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। इसके बाद वीडियो प्रसारित हुआ तो पुलिस की नींद खुली और सिपाही को निलंबित कर खानापूरी कर दी गई।
डीसीपी पुलिस लाइन विवेक चंद्र ने बताया कि आरोपित सिपाही पुलिस लाइन में तैनात गौरव कुमार है। उसे निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
वीडियो बृहस्पतिवार रात पुलिस लाइन के सामने सत्यपाल टी स्टाल का बताया जा रहा है। आरोपित सिपाही गौरव और दुकानदार के बीच बहस से वीडियो की शुरुआत होती है। साथ में मौजूद दूसरा सिपाही ठेली पर रखी बीयर की केन गौरव को पकड़ाते हुए दुकानदार से कहता है कि इसके पैसे मैं दूंगा।
गौरव गाली देते हुए दूर जाता है तो दुकानदार विरोध करते हुए फोन करने की बात कहता है। गौरव झल्लाते हुए लौटता है और गाली देते हुए कहता है कि फोन लगा ले। साथ ही उससे हाथापाई करने लगता है। बचाव में दुकानदार भी हाथ चलाते हुए पत्थर उठा लेता है, जिसके बाद गौरव दूर हट जाता है। पीड़ित चिल्लाता है कि एक तो उधार खाता है और पैसे मांगने पर गाली देता है। इसके बाद सिपाही बीयर लेकर सड़क पार कर पुलिस लाइन की ओर चला जाता है।