
RapidX Train Launching Date / गाजियाबाद। दिल्ली एनसीआर के निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर का 17 किलोमीटर लंबा प्राथमिक खंड का उदघाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 20 अक्टूबर 2023, शुक्रवार को करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर साहिबाबाद में रैपिडएक्स ट्रेन के स्टेशन पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच दौड़ने वाली हाईस्पीड रैपिडएक्स रेल का इंतजार काफी समय से किया जा रहा है। अब इस इंतजार के खत्म होने की घड़ियां नजदीक आ गई हैं। साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किलोमीटर लंबे प्रथम खंड को जनता को समर्पित करने के लिए 20 अक्टूबर को कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्टूबर को रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वह इस ट्रेन के पहले यात्री भी होंगे। इस कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। बता दें कि कुछ दिनों पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद दौरे पर आए थे। यहां उन्होंने रैपिडएक्स ट्रेन के उदघाटन कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की थी और साहिबाबाद स्टेशन का दौरा भी किया था।
आधुनिक हाई स्पीड, हाई-फ्रीक्वेंसी रैपिडएक्स ट्रेनों के संचालन के साथ ही यात्रियों को कई सुविधाएं देने की तैयारी की जा रही है। इसी दिशा में खोई हुई वस्तुओं की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए गाजियाबाद आरआरटीएस स्टेशन पर खोया और पाया केंद्र बनाया जाएगा। यह केंद्र यात्रियों को उनके खोए हुए सामान तक पहुंचाने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करेगा, जिससे भारत के पहले आरआरटीएस कॉरिडोर पर यात्रा अधिक सुरक्षित, निर्बाध और परेशानी मुक्त हो जाएगी।
इसके अंतर्गत यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री का कोई समान स्टेशन परिसर या आस पास खो जाता है या रैपिडएक्स ट्रेन में कोई वस्तु या सामान गलती से छुट जाता है तो यह समान जिस किसी यात्री को मिलता है, तो यात्री इस स्थिति में स्टेशन या ट्रेन स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही खोई-पाई वस्तु के संबंध में पूछताछ और सहायता हेतु रैपिडएक्स ग्राहक सेवा केंद्र के नंबर 08069651515 पर कॉल करके भी मदद ले सकते हैं।
अगर स्टेशन परिसर या या ट्रेन में खोया या छूटा सामान रैपिडएक्स स्टाफ को मिलता है या किसी अन्य यात्री द्वारा उनके पास जमा करवाया जाता है तो यात्री को 24 घंटों के भीतर अपने सामान को उसी स्टेशन से प्राप्त कर सकेंगे, जहां वह खोया या छूटा था। वहीं रैपिडएक्स कनेक्ट एप पर यात्री टिकट बुकिंग के साथ ही खोयी-पायी वस्तुओं या सामान की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।
हालांकि 24 घंटे के बाद खोयी-पायी वस्तुओं और सामान को गाजियाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर स्थित समर्पित खोया और पाया केंद्र में पहुंचा दिया जाएगा। रैपिडएक्स में सफर करने वाले यात्रियों को अगर किसी अन्य यात्री का कोई सामान खोयी या छूटी हुई स्थिति में मिलता है तो वे उसे स्टेशन स्टाफ के पास जमा करवा सकते हैं।
गाजियाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर स्थित समर्पित खोया और पाया केंद्र हर दिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित होगा, जिससे यात्रियों को अपना सामान वापस पाने में आसानी होगी। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि छह महीने के बाद लावारिस वस्तुओं का निपटान प्रतिधारण नीति द्वारा किया जाएगा।