नमो भारत के यात्रियों के लिए आई भारी-भरकम खुशखबरी, हर सफर में मिलेगी छूट
Namo Bharat Train
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 07:53 PM
Namo Bharat Train : नमो भारत ट्रेन के यात्री अब अपनी यात्रा के लिए NCMC कार्ड का उपयोग करके हर यात्रा पर 10% छूट का लाभ उठा सकते हैं। यह पहल NCRTC द्वारा हाल ही में लॉन्च किए गए लॉयल्टी पॉइंट प्रोग्राम का विस्तार है, जिसके अंतर्गत ‘नमो भारत’ मोबाइल ऐप के माध्यम से खरीदे गए टिकटों पर छूट प्रदान की जा रही है। इस पहल के साथ, यात्री अब नमो भारत ट्रेनों में अपनी प्रत्येक यात्रा पर NCMC कार्ड से भी छूट का आनंद ले सकते हैं, जिसके अंतर्गत वे जितनी अधिक यात्रा करेंगे उतनी ही अधिक बचत कर सकेंगे।
ऐसे उठाया जा सकता है छूट का लाभ
लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत, यात्री NCMC कार्ड का उपयोग करके नमो भारत ट्रेनों में यात्रा पर खर्च किए गए प्रत्येक रुपये पर एक पॉइंट अर्जित करेंगे। प्रत्येक लॉयल्टी पॉइंट का मूल्य ₹0.10 (10 पैसे) है और एकत्रित पॉइंट्स यात्री के NCMC खाते में जमा किए जाएंगे। उदाहरण के लिए, यदि कोई यात्री ₹100 यात्रा पर खर्च करता है, तो उसके एनसीएमसी खाते में 100 अंक (₹10 के बराबर) जमा किए जाएंगे। यह ऑफर किसी भी एनसीएमसी कार्ड पर उपलब्ध है। स्टेशन के टिकट काउंटर पर इन पॉइंट्स को रिडीम कराकर छूट का लाभ उठाया जा सकता है।
हर यात्रा के साथ होगी बचत
लॉयल्टी प्रोग्राम नमो भारत ट्रेनों के नियमित यात्रियों को लाभ पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे उन्हें हर यात्रा के साथ बचत का लाभ प्रदान किया जाए। नमो भारत के नियमित यात्री, प्रत्येक यात्रा के साथ एकत्रित लॉयल्टी बोनस को अनलॉक कर उसे किफायती बना सकते हैं।
कैसे करें डाउनलोड?
यात्रियों के अधिक कुशल और आरामदायक यात्रा अनुभव के लिए उन्हे नमो भारत मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। ऐप के हर नए उपयोगकर्ता को एप डाउनलोड करने पर ₹50 (500 लॉयल्टी पॉइंट्स के बराबर) मिलते हैं। इसके अतिरिक्त, उपयोगकर्ता दूसरों को ऐप रेफर करके अतिरिक्त 500 लॉयल्टी पॉइंट्स भी कमा सकते हैं। रेफर करने वाले और रेफरी दोनों को ₹50 (500 लॉयल्टी पॉइंट के बराबर) मिलेंगे जो उनके संबंधित खातों में जमा किए जाएंगे। नमो भारत ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर दोनों पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। Namo Bharat Train