Noida News : थाना सेक्टर-126 क्षेत्र की एचसीएल कंपनी में कार्यरत एक इंजीनियर ने कंपनी की 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इंजीनियर के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने अपने मरने के बाद परिवार की आर्थिक मदद करने व सैलरी परिजनों को देने की बात कही है। मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर का रहने वाला क्षितिज इंगोले सेक्टर-126 स्थित एचसीएल कंपनी में बतौर ट्रेनी इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उसमें करीब 5 माह पूर्व एयरटेल कंपनी से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। वह अपने साथी के साथ रायपुर गांव में एक पीजी में किराए पर रह रहा था।
Noida News :
बुधवार शाम को क्षितिज इंगोले ने कंपनी की 11वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। 11वीं मंजिल से गिरने के कारण क्षितिज गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मी उसे तुरंत जेपी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षितिज के पास से मराठी व इंग्लिश में लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस सुसाइड नोट में उसने अपनी आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। सुसाइड नोट में क्षितिज ने लिखा है कि मरने के बाद किसी को भी परेशान ना किया जाए। उसके परिवार की आर्थिक मदद की जाए और सैलरी परिजनों को दे दी जाए। सुसाइड नोट में मराठी भाषा लिखे होने के कारण पुलिस ट्रांसलेटर की मदद ले रही है। पुलिस क्षितिज के सहकर्मियों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने परिजनों को इस घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।