कनॉट प्लेस की एलआईसी बिल्डिंग में बम की सूचना से हड़कंप, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात
Delhi News
भारत
चेतना मंच
16 Jul 2025 07:08 PM
Delhi News : राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक कनॉट प्लेस में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एलआईसी (लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन) भवन में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से जांच शुरू कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है।
संसद मार्ग थाना क्षेत्र में फैली दहशत
यह घटना संसद मार्ग थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। पुलिस के मुताबिक बम की सूचना को गंभीरता से लिया गया है और पूरे भवन की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सर्च आॅपरेशन जारी है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार मिल रही हैं बम धमकियाँ
बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए हैं, जो बाद में फर्जी निकले। इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट मोड में हैं। अधिकारियों का कहना है कि अक्सर शरारत या अफवाह के तहत ऐसी सूचनाएं फैलाई जाती हैं, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में सुरक्षा मानकों के तहत हर सूचना की गहन जांच की जा रही है। एलआईसी बिल्डिंग में फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं। पुलिस आम नागरिकों से सहयोग की अपील कर रही है और अफवाहों से बचने की सलाह दे रही है। Delhi News