
Delhi : दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली और जोरदार आंधी-तूफान के साथ मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में शुक्रवार तड़के तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई।
सुबह 3 बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मूसलधार बारिश में बदल गई।
कई इलाकों में आंधी के चलते पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।
सड़कों पर गिरे पेड़ों के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
सड़कों पर भारी जलभराव से गाड़ियाँ फंसीं और पैदल चलने वालों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
आईटीओ, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर और एनएच-24 जैसे इलाकों में सबसे अधिक जलभराव देखने को मिला।
खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं।
3 फ्लाइट्स का रूट डायवर्ट किया गया – एक अहमदाबाद और दो जयपुर की ओर भेजी गईं।
गाजियाबाद और उसके आसपास के इलाकों में ठंडी हवाओं ने दस्तक दी, जिससे तापमान लुढ़ककर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तापमान में अचानक आई 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट ने ठंड का एहसास और भी गहरा कर दिया।
1 से 7 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 मई को फिर से तेज़ आंधी और बरसात हो सकती है।
यलो अलर्ट पहले ही जारी किया गया है। Delhi :