दिल्ली के लाल किले से एक करोड़ के बेशकीमती कलश की चोरी, जैन अनुष्ठान में हड़कंप
दिल्ली
RP Raghuvanshi
06 Sep 2025 11:47 AM
दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के परिसर में आयोजित जैन धार्मिक अनुष्ठान के दौरान एक करोड़ रुपये मूल्य का सोने, हीरे, माणिक्य और पन्ना से जड़ा कलश चोरी हो गया। घटना 2 सितंबर को हुई, जब कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी शामिल थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर ली है। New Delhi Fort :
चोरी हुए कलश की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये
जानकारी के अनुसार, कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए कलश लाते थे और उस दिन भी कलश उनके साथ था। कार्यक्रम के दौरान, स्वागत समारोह के समय यह कलश मंच से गायब हो गया। चोरी हुए कलश की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कलश 760 ग्राम सोने का था और इसमें 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ने जड़े हुए थे। इतना कीमती कलश चोरी होने से जैन समुदाय और लाल किले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
लाल किला परिसर में चल रहा था जैन अनुष्ठान
पुलिस के अनुसार, लाल किले परिसर में यह जैन अनुष्ठान 15 अगस्त से चल रहा था और 9 सितंबर तक जारी रहेगा। पुलिस संदिग्ध को पकड़ने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है। दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 2 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के लिए स्पेशल सेल की टीम द्वारा मॉक ड्रिल में लाए गए नकली बम को लाल किले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी नहीं पहचान पाए थे, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड किया गया था। अब यह चोरी की घटना सुरक्षा में खामियों की ओर फिर से ध्यान खींच रही है।