भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को जलभराव, फिसलन और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को जलभराव, फिसलन और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली-NCR में आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कई इलाकों में पहले से ही जलभराव की स्थिति बनी हुई है ऐसे में आज होने वाली तेज बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी मौसम सुहावना रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान सड़कों पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है, इसलिए घर से निकलने वाले लोगों को मौसम का अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में भी आज कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। IMD के मुताबिक, 9 और 10 अगस्त को प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश की संभावना है जबकि पश्चिमी यूपी में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी भरने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बिहार में आज कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में भी बिहार में बारिश का दौर जारी रह सकता है और 13-14 अगस्त को कई इलाकों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी आज मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है। पूर्वी राजस्थान में 10 और 11 अगस्त के आसपास बहुत भारी बारिश का खतरा बताया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मानसून का असर दिखाई दे रहा है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में तेज बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ सकता है। जम्मू-कश्मीर में 10 से 12 अगस्त के बीच कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
IMD के अनुसार, 9 से 14 अगस्त के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। झारखंड में आज और अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है जबकि ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में 8 से 14 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों में पानी की निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। जिन फसलों को सहारे की जरूरत है उन्हें गिरने से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। बारिश के दौरान खेतों में कीटनाशक और खाद का छिड़काव करने से भी बचना चाहिए क्योंकि बारिश के कारण इनका असर कम हो सकता है और फसल को नुकसान भी पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब हो सकती है। ऐसे में मछुआरों को मौसम साफ होने तक समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन