दिल्ली में उजड़ने जा रहा एक और इलाका, कोर्ट के आदेश पर होगी कार्रवाई
Delhi News
दिल्ली
RP Raghuvanshi
23 May 2025 06:23 PM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
23 May 2025 06:23 PM
Delhi News : दिल्ली के जामिया नगर इलाके में स्थित खिजर बाबा कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दक्षिणी दिल्ली में सिंचाई विभाग की जमीन पर बने अवैध निर्माण को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट के सख्त आदेश के बाद अब यहां के 30 से ज्यादा घरों पर बुलडोजर चलने वाला है। सरकार की तरफ से इन घरों को 5 जून तक खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है और इसके लिए घरों पर नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई ने इलाके में अफरातफरी मचा दी है।
आशियानों पर मंडराया बुलडोजर का खतरा
हाई कोर्ट में दायर एक जनहित याचिका (PIL) की सुनवाई के बाद यह फैसला लिया गया, जिसमें बताया गया था कि खिजर बाबा कॉलोनी सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध रूप से बसी है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यहां के सभी अवैध निर्माण हटाए जाएं। इसके जवाब में प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए कॉलोनी के 30 से अधिक घरों पर नोटिस चिपकाए जिनमें लिखा गया है, "आपको घर खाली करने के लिए 5 जून तक का समय दिया जाता है इसके बाद विध्वंस की कार्रवाई शुरू की जाएगी।"
लोगों में डर और नाराजगी
नोटिस मिलते ही कॉलोनी में रह रहे लोगों के बीच गहरा डर और बेचैनी फैल गई है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई से यह घर बनाए हैं और अब एक झटके में उन्हें बेघर किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि, "हम यहां 20 साल से रह रहे हैं। हमें कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई। सिर्फ एक नोटिस चिपका दिया गया और कह दिया गया कि घर खाली कर दो!"
सोशल मीडिया पर गरमाई बहस
इस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी हुई है। कई लोग इस निर्णय को कानूनी प्रक्रिया का पालन मानते हुए समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे गरीबों के खिलाफ अन्याय बता रहे हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर #SaveKhijarColony जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की जा रही है और यह जमीन सरकारी है, जिस पर अतिक्रमण किया गया है। अधिकारी यह भी कह रहे हैं कि उन्होंने लोगों को समय पर नोटिस देकर चेताया है। Delhi News