Arvind Kejriwal: केजरीवाल ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की और Meta से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने उनके अकाउंट पर कार्रवाई की है लेकिन इसके पीछे की वजह नहीं बताई गई है।

आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके अकाउंट को बिना किसी स्पष्ट कारण के प्रतिबंधित किया गया है। केजरीवाल ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की और Meta से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने उनके अकाउंट पर कार्रवाई की है लेकिन इसके पीछे की वजह नहीं बताई गई है।
अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्हें Meta की ओर से बताया गया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के कारणों की जानकारी नहीं दी गई और उनके ईमेल का भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। केजरीवाल ने Meta को निशाने पर लेते हुए लिखा कि किसी भी प्लेटफॉर्म को किसी सरकार के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में लोगों को अपनी बात रखने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, Meta की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अरविंद केजरीवाल पिछले कुछ समय से E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि E20 ईंधन को लेकर ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी कुछ चिंताएं हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) की एक रिपोर्ट में E20 पेट्रोल को लेकर कुछ सवाल उठाए गए थे, लेकिन बाद में उस रिपोर्ट को वापस लेने का दबाव बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट में E20 ईंधन में क्लोराइड और नमी की मात्रा को लेकर चिंता जताई गई थी, जिससे वाहनों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, इन आरोपों पर केंद्र सरकार और SIAM की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में विरोध प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने करीब 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह मार्ग पर ही रोक दिया था। इसके बाद केजरीवाल ने कहा था कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।
विज्ञापन