दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमला, BJP बोली-जानबूझकर की गई हरकत
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:41 AM
राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ जिससे पूरे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। घटना मुख्यमंत्री आवास पर उस समय हुई जब सीएम रेखा गुप्ता साप्ताहिक जनसुनवाई के तहत जनता की समस्याएं सुन रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा और कागजात सौंपने के बहाने मुख्यमंत्री के करीब आया तभी अचानक उसने हाथ पकड़कर रेखा गुप्ता को अपनी ओर खींचने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई जिसमें सीएम का सिर मेज के कोने से टकरा गया और उन्हें हल्की चोट आई। Rekha Gupta
आरोपी गिरफ्तार
हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया और उसे तुरंत सिविल लाइंस थाने ले जाया गया है। शुरुआती पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश भाई खिमजी सकरिया बताया है और खुद को गुजरात के राजकोट का निवासी बताया है। हालांकि, पुलिस अभी उसके दावों की पुष्टि में जुटी है और गुजरात पुलिस से भी संपर्क किया गया है।हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में कुछ अधिकारियों ने दावा किया कि आरोपी ने सीएम को थप्पड़ मारा, लेकिन दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि सीएम को थप्पड़ नहीं मारा गया, बल्कि हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की गई थी, जिससे उनका सिर मेज से टकरा गया। उन्होंने बताया, "मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है, डॉक्टरों ने उनकी जांच कर ली है। वह एक मजबूत महिला हैं और उन्होंने कहा है कि वह अपने काम से पीछे नहीं हटेंगी।"
राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया
इस हमले की बीजेपी, आप और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख दलों ने निंदा की है। बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा, "हमला बेहद शर्मनाक है। मुख्यमंत्री पर हाथ उठाना निंदनीय है।" वहीं, बीजेपी नेता तेजिंदर पाल बग्गा ने ट्वीट किया, "इस खबर से हैरान हूं। मुख्यमंत्री की सलामती की दुआ करता हूं।" आप नेता आतिशी ने कहा, "लोकतंत्र में विरोध की जगह हो सकती है, हिंसा की नहीं। उम्मीद है पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।" कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने बयान दिया, "यह घटना दिल्ली में महिला सुरक्षा की हकीकत उजागर करती है। जब मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाएं कैसे सुरक्षित होंगी?"
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने इस हमले की पूरी जानकारी मंत्रालय को दे दी है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं और आरोपी की पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। Rekha Gupta