भारत जोड़ो यात्रा : दिल्ली पहुंची राहुल गाँधी की यात्रा पर नहीं पड़ा कड़ाके की ठंड का असर, तस्वीरों में दिखे टी-शर्ट पहने हुए
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:22 AM
राहुल गाँधी के नेतृत्व में शुरु हुई कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा अब दिल्ली पहुँच चुकी है और इस यात्रा की कुछ तस्वीरें भी दिख रही हैं जिसमें राहुल गाँधी दिल्ली के 5°C के टेम्परेचर में भी मात्र एक साधारण सी टी-शर्ट और जीन्स पहने हुए दिखायी दे रहे हैं। फरीदाबाद के NHPC मेट्रो स्टेशन के पास से सुबह 6 बजे शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा ने राहुल गाँधी की अगुवाई में दिल्ली की सीमा में एंट्री ली।
भारत जोड़ो यात्रा में एक राज्य से निकलने और दूसरे राज्य में पहुँचने पर फ्लैग ट्रांसफर किया जाता है। इस परम्परा को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान जी ने दिल्ली के कांग्रेस प्रमुख अनिल चौधरी को फ्लैग सौंपा। यह प्रक्रिया दिल्ली सीमा से सटे बदरपुर मेट्रो स्टेशन पर हुई।
बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस समर्थक और राहुल की झलक पाने को इच्छुक दिखे
सीमा से सटे बदरपुर मेट्रो स्टेशन पर भारत जोड़ो यात्रा के पहुँचने पर भारी संख्या में पार्टी के समर्थक और राहुल गाँधी के प्रशन्सक दिखाई दिए। उनके हाथ में तिरंगा और भारत जोड़ो यात्रा का विशेष झंडा भी दिखायी दे रहा था। इस यात्रा के दौरान राहुल गाँधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर यह आरोप लगाया कि दोनों दल लोगों के बीच नफरत की राजनीती करते हैं और उनमें डर फैलाने का काम करते हैं। लेकिन उनके लिए ऐसा करना सम्भव नहीं होगा क्योंकि हर भारतीय आपस में प्रेम और मोहब्बत फैलाने का काम करेगा।
शुक्रवार को फरीदाबाद पहुँच कर वहां से दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर चुकी भारत जोड़ो यात्रा अब तक 107दिनों का सफर तय कर चुकी है और अगर इस यात्रा के द्वारा तय की गयी दूरी की बात करें तो 548 किलोमीटर का यह सफर पूरा हो चुका है। हालांकि यह टारगेट 3570 किलोमीटर का है। ठंड के चलते राहुल गाँधी से यह यात्रा 6 की बजाय 7 बजे शुरू करने को कहा गया किन्तु उन्होंने यह प्रस्ताव नहीं माना। देर से पहुंचने वाले लोगों को यात्रा में शामिल भी नहीं किया जाता है।