
राजधानी दिल्ली सोमवार को एक बार फिर बम धमकी से सहम गई। द्वारका क्षेत्र के दो स्कूलों और एक कॉलेज को ईमेल के जरिए उड़ाने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने तलाशी अभियान चलाया, हालांकि अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला। Delhi News
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजकर 24 मिनट पर फायर विभाग को धमकी भरे ईमेल की खबर मिली, जिसके बाद राजधानी की सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। बीते कुछ दिनों से लगातार इस तरह की धमकियां मिल रही हैं, जिससे अभिभावकों और छात्रों के बीच बेचैनी और भय का माहौल गहराता जा रहा है।
यह कोई पहला मामला नहीं है। 15 और 16 जुलाई को भी दिल्ली के कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। 16 जुलाई को द्वारका, पश्चिम विहार और हौज खास इलाके के पांच स्कूलों को निशाना बनाया गया था। इसी तरह, सेंट थॉमस स्कूल, सेंट स्टीफन और रामजस कॉलेज को भी धमकी वाले मेल भेजे गए थे। इसी कड़ी में 15 जुलाई को दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित साइंटिस्ट डिफेंस कॉलेज को मेल मिला था, जिसमें दावा किया गया था कि कॉलेज और लाइब्रेरी में आरडीएक्स रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड ने सघन तलाशी अभियान चलाया, हालांकि कुछ बरामद नहीं हुआ।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सभी धमकियां ईमेल के माध्यम से भेजी जा रही हैं। फिलहाल साइबर सेल ईमेल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाने में जुटा है। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। Delhi News