दिल्ली-NCR में फिर लौटा कोरोना, गुरुग्राम में मिले दो मरीज, मची हलचल
Covid-19
दिल्ली
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:38 PM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:38 PM
Delhi-NCR News : दिल्ली-एनसीआर खासकर गुरुग्राम में कोरोना वायरस की एक बार फिर दस्तक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके में कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं जिनमें से एक मरीज हाल ही में मुंबई से लौटा है। दोनों संक्रमितों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है और उनमें केवल हल्के लक्षण पाए गए हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए आश्वासन दिया है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
क्या है लक्षण?
यह नई लहर कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के एक नए सब-वेरिएंट JN.1 से जुड़ी हुई है। JN.1 वेरिएंट को पहली बार 2023 के अंत में पहचाना गया था और यह अब अमेरिका, यूके, भारत, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों में फैल चुका है। यह वेरिएंट BA.2.86 (जिसे 'पिरोला' भी कहा जाता है) से निकला है और इसमें स्पाइक प्रोटीन में हुए एक खास म्यूटेशन के कारण यह बहुत तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकता है। इसकी सबसे बड़ी चुनौती इसकी ट्रांसमिशन की रफ्तार है, हालांकि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार यह वेरिएंट गंभीर बीमारी नहीं पैदा कर रहा है। अधिकांश मामलों में लक्षण गले में खराश, नाक बहना, हल्का बुखार, खांसी और थकान जैसे रहते हैं, जो सामान्य वायरल इन्फेक्शन जैसे लग सकते हैं।
टेस्टिंग को दिया जा रहा बढ़ावा
देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो अहमदाबाद में मई के महीने में अब तक 38 कोविड केस दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 31 एक्टिव हैं। मुंबई और भुवनेश्वर जैसे शहरों में भी कुछ नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कई अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड सक्रिय कर दिए हैं और टेस्टिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सतर्कता बरतने की खास जरूरत
इस स्थिति में आम जनता को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। मास्क पहनना, हाथों की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचना अब फिर से जरूरी हो गया है। यदि किसी को जुखाम, खांसी या बुखार जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज़ नहीं ली है, उन्हें वैक्सीनेशन कराने की सलाह दी जाती है।
हालांकि अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन कोविड-19 के इस नए वेरिएंट की तेजी से फैलने की क्षमता को देखते हुए हमें फिर से सावधानी और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की जरूरत है। सतर्क रहना ही इस संक्रमण की चेन तोड़ने का सबसे प्रभावी तरीका है।