विज्ञापन
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार शाम आए तेज धूल भरे तूफान और खराब मौसम के बाद दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कई उड़ानों के संचालन और समय-सारिणी पर असर पड़ सकता है।

Delhi News : राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार शाम आए तेज धूल भरे तूफान और खराब मौसम के बाद दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कई उड़ानों के संचालन और समय-सारिणी पर असर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की ताजा जानकारी अवश्य जांच लेने की सलाह दी गई है। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से देर रात जारी सूचना में कहा गया कि तेज हवाओं और बदलते मौसम के चलते कुछ फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए एयरपोर्ट की सभी परिचालन और सहायता टीमें लगातार समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। Delhi News
राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया ने भी मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर कहा कि खराब मौसम के चलते दिल्ली आने और यहां से रवाना होने वाली कुछ उड़ानों में देरी या परिचालन संबंधी बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं। एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी फ्लाइट का रियल-टाइम स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि एयरपोर्ट पर अनावश्यक इंतजार और परेशानी से बचा जा सके। Delhi News
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार शाम दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में धूल भरी तेज आंधी चली। पालम मौसम केंद्र पर कुछ मिनटों के दौरान हवाओं की अधिकतम गति करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिसने सामान्य जनजीवन के साथ हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। इसके अलावा पूसा क्षेत्र में 80 किलोमीटर प्रति घंटा तथा सफदरजंग में 64 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। राजधानी के जाफरपुर, जनकपुरी, पीतमपुरा, छतरपुर, लोदी रोड और मयूर विहार सहित कई इलाकों में भी तेज हवाओं और धूल भरे तूफान का असर देखा गया। Delhi News
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले घंटों में भी मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं तथा आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में सक्रिय मौसमी सिस्टम और पाकिस्तान के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं। इसके चलते आगामी दिनों में बारिश की संभावना बढ़ेगी और तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। Delhi News
विज्ञापन