विज्ञापन
स्विस एयर (SWISS) की दिल्ली से ज़्यूरिख़ जाने वाली फ्लाइट LX147 उड़ान भरने ही वाली थी कि अचानक उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और उसमें आग लग गई।

ल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) से रविवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई जिसने यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन दोनों को हिला दिया। स्विस एयर (SWISS) की दिल्ली से ज़्यूरिख़ जाने वाली फ्लाइट LX147 उड़ान भरने ही वाली थी कि अचानक उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। स्थिति गंभीर होते देख पायलट और क्रू ने तुरंत उड़ान रद्द कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया हालांकि इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, SWISS की फ्लाइट LX147 रविवार रात करीब 1:08 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से ज़्यूरिख़ के लिए रवाना होने वाली थी। यह Airbus A330 विमान था जिसमें 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे। जैसे ही विमान उड़ान भरने की तैयारी में था उसके पहले इंजन में अचानक खराबी आ गई। कुछ ही पलों में इंजन से धुआं और आग दिखाई देने लगी। पायलट ने तुरंत स्थिति को समझते हुए टेकऑफ रोक दिया। इस फैसले ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली।
इंजन में आग लगने के बाद विमान को तुरंत खाली कराने का फैसला लिया गया। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया लेकिन क्रू की सतर्कता और तेज कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया। कुछ ऐसे यात्री भी थे जो इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल नहीं कर सके। उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई ताकि उन्हें भी सुरक्षित बाहर लाया जा सके।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान 6 यात्री घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों को स्लाइड से उतरते समय चोट लगी जबकि कुछ यात्रियों को घबराहट और हल्की तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। वहीं फ्लाइट का पूरा क्रू सुरक्षित है।
घटना के बाद SWISS एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली में फ्लाइट LX147 से जुड़ी घटना की जानकारी मिल चुकी है। एयरलाइन के अनुसार, विमान Airbus A330 था जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर HB-JHK है। कंपनी ने बताया कि उड़ान भरने से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई जिसके बाद क्रू ने टेकऑफ रोकने और एहतियात के तौर पर विमान को खाली कराने का फैसला लिया। एयरलाइन ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टास्क फोर्स भी बनाई है।
विज्ञापन