Delhi Cold : आठवें दिन भी जारी रहा शीत लहर का प्रकोप, न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं
दिल्ली
RP Raghuvanshi
18 Jan 2023 06:05 PM
राजधानी दिल्ली में अभी भी शीत लहर और ठंड ( Delhi Cold) का असर कम नहीं हो रहा है। लगातार आठवें दिन भी लोग ठिठुरते दिखे। IMD ने अपनी वेबसाइट पर बुधवार का न्यूनतम तापमान 2.6 °C दर्ज किया। मौसम वैज्ञानिकों के द्वारा सोमवार को यह तापमान 1.4 डिग्री तो वहीं मंगलवार को 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वर्ष 2020 में इसी तरह लगातार सात दिनों तक शीतलहर का प्रकोप देखा गया था किन्तु पिछले वर्ष यह स्थिति नहीं थी। इस वर्ष दिल्ली में लगातार 50 घण्टे तक घना कोहरा भी देखा गया जो काफ़ी सालों के बाद मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा दर्ज किया गया।
गुरुवार की रात हो सकती है हल्की बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार के दिन दिल्ली में बारिश देखी जा सकती है जो हो सकता है कि ठंड (Delhi Cold) को और भी ज्यादा बढ़ा दे। मौसम विभाग की ओर से ओले गिरने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान के बढ़ने का आसार है और गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। 23 या 24 जनवरी को लगभग 50 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान मौसम विभाग ने बताया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों की ओर से चलने वाली बर्फ़ीली हवाओं की गति कम हो जाएगी एवं धीरे धीरे यह रफ़्तार थम जायेगी।
पिछले वर्ष भी हुई थी बारिश
पिछले साल भी दिल्ली में जनवरी के महीने में बारिश देखी गयी थी और यह 1901 के बाद हुई सबसे अधिक (82.2 मिमी )बारिश थी जिससे राजधानी दिल्ली में ठंड( Delhi Cold) का प्रभाव भी बढ़ गया था। हालांकि अभी तक दिल्ली में बारिश नहीं देखी गयी है।
19 जनवरी के बाद से दिल्लीवासी मौसम में थोड़ा बदलाव देख सकते हैं और उन्हें ठंड से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भी ठंड और कोहरे के बढ़ने का अनुमान लगाया है।