
Delhi Kanjhawala Case : नयी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में स्कूटी सवार युवती की मौत को लेकर सोमवार को सियासी घमासान शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से एक की राजनीतिक जुड़ाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है।
दिल्ली भाजपा नेताओं ने कहा कि दोषी पाए जाने पर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए और दावा किया कि उनके प्रतिद्वंद्वी एक संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पांच आरोपियों में से एक मनोज मित्तल भाजपा की मंगोलपुरी वार्ड इकाई के डेटा एंट्री प्रकोष्ठ का सह-संयोजक था।
रविवार को पुलिस ने बताया कि मनोज मित्तल सुल्तानपुरी में एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करता था।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर एक पोस्टर की तस्वीर पोस्ट की जिसमें कथित तौर पर मित्तल की तस्वीर भी थी। उन्होंने दावा किया कि वह ‘‘भाजपा का सह-संयोजक’’ था। श्रीनेत ने ट्वीट किया कि दिल्ली में शराब पी कर पांच लोग इतने धुत्त थे कि 20 साल की युवती को 12 किलोमीटर घसीट कर मार डाला। उनमें से एक दरिंदा मनोज मित्तल भाजपा का सह संयोजक है। हर बार इन दरिंदों का भाजपा से सम्बंध क्यों होता है? प्रधानमंत्री मोदी/स्मृति ईरानी हर बार की तरह चुप रहेंगे?
आप ने यह भी आरोप लगाया कि मित्तल भाजपा से जुड़ा है और इस मामले में ‘लापरवाही’ का आरोप लगाते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना के आवास पर धरना भी दिया।
आप के विधायक सौरभ भारद्वाज ने मीडियाकर्मियों के साथ एक वीडियो साझा किया जिसमें दावा किया गया कि सुल्तानपुरी थाना के बाहर लगे एक होर्डिंग पर मित्तल की तस्वीर है।
आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा के आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय ने आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और कहा कि केजरीवाल को इतना लाचार नहीं होना चाहिए, जो महिला सुरक्षा को उम्मीद के भरोसे छोड़ दें।
इससे पहले दिन में केजरीवाल ने ट्वीट किया कि कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ वह बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
मालवीय ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर हमला करते हुए केजरीवाल का एक पुराना वीडियो साझा किया और कहा कि सरकार चलाने और ‘‘नौटंकी’’ करने में अंतर है।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इतना लाचार नहीं होना चाहिए, जो महिला सुरक्षा को उम्मीद के भरोसे छोड़ कर कट ले। पंजाब में तो पुलिस भी आम आदमी पार्टी की सरकार के पास है, लेकिन वहां महिलाएं छोड़िए, कोई भी सुरक्षित नहीं है। सरकार चलाने और नौटंकी करने में फ़र्क़ होता है…।’’
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप संवेदनशील मुद्दे पर ‘राजनीति’ कर रही है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित करने और मामले की सुनवाई त्वरित अदातल में कराने की मांग की।
रविवार को बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में 20 वर्षीय युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसके शव को 12 किलोमीटर तक घसीटा गया। पुलिस के मुताबिक कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि पीड़िता का पैर कार के एक पहिये में फंस गया और उसे दूर तक घसीटा गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर महिला का निर्वस्त्र शव और उसके पैर टूटे हुए दिख रहे हैं। फुटेज में यह भी दावा किया गया कि पीड़िता से बलात्कार किया गया और उसे मार दिया गया, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह एक दुर्घटना थी। दिल्ली महिला आयोग ने घटना के सिलसिले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।