अब मेट्रो में सीट ढूंढना नहीं होगा मुश्किल, स्क्रीन बताएगी सबसे कम भीड़ वाला कोच
Delhi Metro
दिल्ली
RP Raghuvanshi
29 May 2025 08:43 PM
Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए अब यह जानना आसान होगा कि ट्रेन के किस डिब्बे में भीड़ कम है और कहां बैठने की संभावना ज्यादा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सहूलियत के लिए मैजेंटा लाइन पर एक नई तकनीक का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही यह जानकारी मिल सकेगी।
क्या है ये नई तकनीक?
DMRC ने इस सुविधा को पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) नाम दिया है। इस सिस्टम के तहत प्लेटफॉर्म पर लगी डिजिटल स्क्रीन यात्रियों को बताएगी कि ट्रेन के किस डिब्बे में कितनी भीड़ है। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर आने वाली होती है, स्क्रीन पर हर कोच (जैसे C1, C2, C3) के सामने भीड़ का प्रतिशत दिखाया जाएगा जैसे 40%, 70% आदि। इससे यात्री आसानी से तय कर सकेंगे कि किस डिब्बे की ओर बढ़ें ताकि सफर आरामदायक हो सके।
कैसे करता है काम?
यह तकनीक कोच के भार (वजन) के आधार पर काम करती है यानि कोच में जितने ज्यादा लोग होंगे उसका वजन उतना ज्यादा होगा। सिस्टम ट्रेन के हर कोच का वजन नापेगा और ये आंकड़े कंप्यूटर के जरिए यात्रियों तक पहुंचाए जाएंगे। इससे यात्रियों को रियल-टाइम जानकारी मिलेगी कि किस डिब्बे में भीड़ कम है और बैठने की संभावना ज्यादा।
अभी सिर्फ मैजेंटा लाइन पर ट्रायल
फिलहाल यह सुविधा मैजेंटा लाइन पर ट्रायल के तौर पर शुरू की गई है। यदि इसका परिणाम अच्छा रहा और यात्रियों को इससे वास्तविक लाभ मिला, तो जल्द ही इसे दिल्ली मेट्रो की बाकी लाइनों पर भी लागू किया जा सकता है।
भीड़ के वक्त मिलेगी सबसे ज्यादा मदद
दिल्ली मेट्रो में रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं और सुबह 8 से 12 बजे और शाम 5 से 9 बजे तक सबसे ज्यादा भीड़ होती है। ऐसे में यह तकनीक भीड़ को बेहतर ढंग से संभालने में मदद करेगी और यात्रियों को भी राहत मिलेगी। Delhi Metro