Delhi Metro Update : रेड और येलो लाइन पर अब मिलेंगी लेटेस्ट सुविधाएं
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:21 AM
दिल्ली मेट्रो की सबसे पुरानी और सबसे व्यस्त रेड और येलो लाइनों के संचालन को और बेहतर बनाने के लिए डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन) ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को डीएमआरसी ने एल्सटॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड (ATIL) के साथ एक अहम अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं जिसका मकसद इन लाइनों के सिग्नलिंग सिस्टम को अपग्रेड करना है। DMRC
6 वर्षों के लिए किया गया समझौता
यह समझौता 6 वर्षों के लिए किया गया है जिसे जरूरत पड़ने पर दो साल और बढ़ाया जा सकता है। इस साझेदारी के तहत एल्सटॉम, दिल्ली मेट्रो को न सिर्फ बेहतर तकनीकी सहायता देगा बल्कि स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता, डेटा लॉगिंग सिस्टम में सुधार और सिग्नल फेलियर के मूल कारणों की जांच जैसी अहम सेवाएं भी देगा।
रेड और येलो लाइनें क्रमशः 2002 और 2004 में शुरू हुई थीं और इनमें अब भी पारंपरिक डिस्टेंस टू गो (DTG) तकनीक का इस्तेमाल होता है। एल्सटॉम इन तकनीकों को स्मार्ट डायग्नोस्टिक सिस्टम और ऑनबोर्ड अपडेट्स के साथ अपग्रेड करेगा, जिससे संचालन में और भी सुगमता आएगी।
क्या होगा फायदा?
सिग्नल फेल होने की घटनाएं कम होंगी। यात्रा ज्यादा सुरक्षित और समयबद्ध होगी। ट्रेनों की रनिंग और रुकने की सटीकता बढ़ेगी। रेड और येलो लाइन पर यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा। इस अनुबंध पर डीएमआरसी के निदेशक (इंफ्रास्ट्रक्चर) मनुज सिंघल और एल्सटॉम के निदेशक (वाणिज्यिक) सचिन देवड़ा ने मेट्रो भवन में हस्ताक्षर किए। एल्सटॉम की टीम समय-समय पर सिस्टम का ऑडिट भी करेगी और अपनी वैश्विक विशेषज्ञता के जरिए डीएमआरसी को लगातार तकनीकी सपोर्ट देगी। DMRC