गुरुग्राम में उभरती टेनिस खिलाड़ी की हत्या, पिता पर ही लगा हत्या का आरोप
Delhi NCR News
भारत
चेतना मंच
10 Jul 2025 07:37 PM
Delhi NCR News : दिल्ली से सटे गुरुग्राम के एक प्रतिष्ठित रिहायशी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने खेल जगत और समाज को झकझोर कर रख दिया है। उभरती टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या के आरोप में किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं, बल्कि खुद उनके पिता को गिरफ्तार किया गया है।
पॉश सोसाइटी में घटी वारदात, पिता हिरासत में
यह घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 की एक हाई-एंड सोसायटी के फ्लैट नंबर ए-157 की है, जहां राधिका अपने माता-पिता के साथ रहती थीं। पुलिस को शुरुआती जांच में जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार राधिका के पिता सोशल मीडिया पर उसकी सक्रियता खासकर वीडियो और रील्स पोस्ट करने को लेकर नाराज थे। बताया जा रहा है कि इसी वजह से घर में विवाद हुआ और गुस्से में आकर उन्होंने राधिका पर गोली चला दी। घटना के तुरंत बाद गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया। हथियार बरामद कर लिया गया है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहराई से जांच की जा रही है।
राधिका का टेनिस करियर
25 वर्षीय राधिका यादव भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा नाम नहीं बना सकीं, लेकिन उनका टेनिस के प्रति समर्पण उल्लेखनीय था। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) के आंकड़ों के मुताबिक, सीनियर लेवल पर उन्होंने तीन प्रोफेशनल मुकाबले खेले थे, हालांकि जीत नसीब नहीं हुई। जूनियर स्तर पर उन्होंने एक मैच में जीत दर्ज की थी।
माता-पिता की अपेक्षाओं और युवाओं की आजादी के बीच टकराव?
यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि भारतीय समाज में बदलती पीढ़ियों के बीच बढ़ते तनाव का प्रतीक भी है। जहां युवा सोशल मीडिया को अपनी पहचान और अभिव्यक्ति का मंच मानते हैं, वहीं कुछ पारंपरिक अभिभावकों के लिए यह चिंता और असहजता का कारण बनता जा रहा है। इस वक्त पूरी दुनिया की निगाहें विंबलडन जैसे प्रतिष्ठित टेनिस टूनार्मेंट पर लगी हैं। ऐसे समय में भारत से एक होनहार महिला टेनिस खिलाड़ी की हत्या की खबर आना न केवल दुखद है, बल्कि खेल और समाज दोनों के लिए चिंतन का विषय है।