टनल से बदलेगा ट्रैफिक का नक्शा, दिल्ली एयरपोर्ट का सफर अब सिर्फ आधा घंटा
Delhi NCR
दिल्ली
RP Raghuvanshi
23 Jun 2025 10:05 PM
Delhi NCR : दिल्ली और एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब मानेसर से दिल्ली एयरपोर्ट तक का सफर बिना ट्रैफिक में फंसे सिर्फ 35 मिनट में पूरा किया जा सकेगा वो भी 24 घंटे खुली रहने वाली द्वारका एक्सप्रेसवे की दो टनलों के जरिए। ये दोनों सुरंगें सोमवार से लगातार 24 घंटे चालू कर दी गई हैं। पहले जहां इस सफर में दो घंटे तक लगते थे अब टनल के जरिए यात्री सीधे और तेजी से एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
अनुमान है कि प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन इन सुरंगों से गुजरेंगे, जिससे दिल्ली-जयपुर हाईवे और गुरुग्राम की ओर लगने वाले भारी जाम में भी स्पष्ट राहत मिलेगी। गौरतलब है कि दिल्ली-जयपुर हाइवे पर रोजाना करीब 5 लाख वाहन चलते हैं, लेकिन रजोकरी फ्लाईओवर पर मात्र चार लेन के कारण जाम आम हो गया है। ऐसे में टनल का शुरू होना स्मार्ट और वैकल्पिक समाधान के रूप में सामने आया है।
दोनों टनलों की खासियत
पहली टनल 3.25 किमी लंबी है और द्वारका के यशोभूमि तक जाती है। दूसरी टनल 2.25 किमी लंबी है और सीधे टर्मिनल-3 (T3) एयरपोर्ट तक जाती है। टनल में 24x7 सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम और आपातकालीन निकासी द्वार की सुविधा है। 4.5 मीटर तक ऊंचाई वाले वाहन ही इनमें प्रवेश कर सकते हैं। मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए कैच ड्रेन सिस्टम भी तैयार किया गया है, जिसकी प्रभावशीलता बारिश में सामने आएगी।
कैसे सुधरेगी कनेक्टिविटी?
इन टनलों के खुलने से न केवल IGI एयरपोर्ट बल्कि गुरुग्राम, वसंत कुंज, द्वारका, अलीपुर, फरीदाबाद और मानेसर जैसे क्षेत्रों से सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ तक की यात्रा भी पहले से तेज और सुगम हो जाएगी। यह सिर्फ एक टनल नहीं बल्कि NCR की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की सुरंग है जो भविष्य में स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर की मिसाल बनेगी। Delhi NCR