
Delhi NCR News : दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी गुरुवार की शाम या रात को राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। हल्की से मध्यम बारिश और तेज़ हवाएं गर्मी से राहत दिला सकती हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार शाम से दिल्ली-NCR में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इससे न सिर्फ तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि उमस और गर्मी से भी राहत महसूस की जाएगी।
अगले 24 घंटों में दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 37 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अनुमान है कि 13 से 17 जून तक यह राहत बनी रह सकती है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ तेज़ हवाओं का असर भी बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक यह बदलाव गर्मी से परेशान जनता के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा। केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के प्रमुख शहरों में भी आज शाम से बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की इस करवट से स्थानीय जनजीवन को कुछ राहत जरूर मिलेगी, जो बीते कई दिनों से लू और चिलचिलाती धूप से बेहाल था। Delhi NCR News