
Delhi News : नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जनता मजदूर कॉलोनी में स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ जब इलाके में अधिकतर लोग अपने घरों में मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने की तेज आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे के समय इमारत के अंदर कई लोग मौजूद थे। अब तक की जानकारी के अनुसार करीब 12 लोग मलबे में दबे हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य जारी है। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन माना जा रहा है कि इमारत की हालत पहले से ही जर्जर थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया है। Delhi News