BJP नेता प्रवेश वर्मा ने किया बड़ा दावा, अरविंद केजरीवाल बदल सकते हैं अपनी सीट
Delhi News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:56 AM
Delhi News : पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को एक बड़ा दावा किया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी सीट बदल सकते हैं और वह नई दिल्ली सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। केजरीवाल, जो 2013 से लगातार नई दिल्ली सीट से विधायक रहे हैं, चौथी बार इस सीट से उम्मीदवार हैं। हालांकि, वर्मा के इस दावे पर आम आदमी पार्टी की तरफ से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अरविंद केजरीवाल बदल सकते हैं सीट
प्रवेश वर्मा ने कहा कि, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने अपने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, "सूत्रों से मुझे पता चला है कि अरविंद केजरीवाल अपनी सीट बदल सकते हैं। मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि कृपया नई दिल्ली विधानसभा सीट से भागिए मत, लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ें।"
पार्टी ने ED से की मांग
यह दावा तब सामने आया जब अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को वर्मा पर आरोप लगाया कि उन्होंने नई दिल्ली में महिलाओं को 1100 रुपये बांटे हैं, और उनके पिता साहिब सिंह वर्मा को उनके जैसे देशद्रोही बेटे पर शर्म आती है। इस आरोप के बाद, आप पार्टी ने वर्मा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि चुनाव के समय केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र में नकदी बांटी जा रही थी। पार्टी ने ईडी से वर्मा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करने की मांग की है।
आदर्श आचार संहिता लागू होने तक करेंगे महिलाओं की मदद
प्रवेश वर्मा ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि यह राशि उनके पिता साहिब सिंह वर्मा द्वारा स्थापित सामाजिक संगठन "राष्ट्रीय स्वाभिमान" के तहत जरूरतमंद महिलाओं को दी गई थी। वर्मा ने यह भी कहा कि वह आदर्श आचार संहिता लागू होने तक महिलाओं की मदद करते रहेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी में होने हैं, और कांग्रेस ने इस बार नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा है, जिससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है। Delhi News