दिल्ली गेट पर भीषण हादसा, लग्जरी कार डिवाइडर से टकराई, उड़े परखच्चे
Delhi News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:27 AM
Delhi News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसकी चपेट में आने से BMW स्पोर्ट्स कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके से पहुंकर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
आए दिन सड़क हादसों से जुड़ी कई खबरें सामने आ जाती हैं लेकिन इसके बावजूद लोग रफ्तार पर काबू पाना मुनासिब नहीं समझते और चलती रोड पर सरपट गाड़ियां दौड़ाने लगते हैं। रफ्तार की कहर के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दिल्ली गेट इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक BMW स्पोर्ट्स कार ने टाटा पंच कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बेकाबू हुई BMW डिवाइडर से टकरा गई, जिससे BMW के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई।
नियंत्रण खो बैठा BMW चालक
जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, तेज रफ्तार BMW कार अचानक टाटा पंच कार से टकरा गई। जिसके बाद BMW चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और फिर डिवाइडर से जाकर टकरा गया। लोगों का कहना है कि हादसा इतना जोरदार था कि, कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कहा जा रहा है कि कार चालक को मामूली चोट आई है। टक्कर के बाद कार कई फीट तक घिसटती चली गई। जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने की लोगों से अपील
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जायजा लिया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त कारों को सड़क से हटाया गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। लोगों का कहना है कि, हादसा किसी बड़े खतरे में बदल सकता था क्योंकि यह क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है। फिलहाल इस हादसे के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। Delhi News