NDMC-MCD का बड़ा फैसला, दिल्ली में इस तारीख से नहीं होगी सड़कों की खुदाई
Delhi News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:35 PM
Delhi News : राजधानी दिल्ली में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक किसी भी तरह की सड़क खुदाई (रोड कटिंग) पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। यह फैसला दिल्ली नगर निगम (MCD) और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने संयुक्त रूप से लिया है। मानसून के दौरान जलभराव और खुदाई से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
सिर्फ आपातकाल में ही मिलेगी अनुमति
स्थानीय निकायों ने साफ किया है कि, इस दौरान अगर कोई आपातकालीन परिस्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित एजेंसी को सक्षम अधिकारी की पूर्व मंजूरी के बाद ही खुदाई की अनुमति मिलेगी। यानी बिना इजाजत मानसून के दौरान सड़कों पर कोई भी खुदाई नहीं हो सकेगी।
पाइपलाइन, केबल और मरम्मत कार्यों पर भी रोक
दिल्ली में आमतौर पर पाइपलाइन बिछाने, तार या ऑप्टिकल फाइबर केबल डालने या अन्य भूमिगत मरम्मत कार्यों के लिए एजेंसियों द्वारा सड़कों की खुदाई की जाती है। लेकिन मानसून में यह कार्य सड़क की गुणवत्ता बिगाड़ सकते हैं और हादसों को न्योता देते हैं। इसलिए हर साल जुलाई से सितंबर तक रोड कटिंग पर अस्थायी रोक लगाई जाती है।
NDMC ने पुराने परमिट पर भी खींची लकीर
NDMC ने साफ किया है कि जिन परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है, उन कार्यों के लिए अब रोड कटिंग की इजाजत नहीं दी जाएगी। NDMC के अधिकार क्षेत्र में 1298 किलोमीटर लंबी सड़कें और 52 गोल चक्करों का रखरखाव होता है।
MCD ने 25 हजार किलोमीटर सड़क नेटवर्क को किया अलर्ट
वहीं MCD के अधीन करीब 25,000 किलोमीटर लंबी सड़कों का रखरखाव होता है। निगम के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 1 जुलाई से 30 सितंबर तक किसी भी रोड कटिंग की मंजूरी नहीं दी जाएगी। सभी क्षेत्रीय अभियंताओं को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि आदेश का सख्ती से पालन हो।
मानसून में खराब सड़कों की स्थिति बनी रहती है चिंता
सड़कों की बार-बार खोदाई और एजेंसियों में समन्वय की कमी के चलते दिल्ली की सड़कों की हालत लगातार चिंता का विषय बनी रहती है। इस स्थिति से बचने और मानसून में सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अस्थायी प्रतिबंध हर साल लगाया जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। Delhi News