अब दिल्ली में जुर्म का जवाब देगा साइंस, CM रेखा गुप्ता ने...
Delhi News
दिल्ली
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 08:02 AM
Delhi News : दिल्ली में अपराध की जांच को और तेज, सटीक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय से 6 नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये अत्याधुनिक वैन अब राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात होंगी और अपराध स्थल पर पहुंचकर तुरंत जांच शुरू कर सकेंगी।
इस मौके पर दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “यह पहल न केवल न्यायिक प्रक्रियाओं को गति देगी, बल्कि जांच को पारदर्शी और वैज्ञानिक भी बनाएगी।”
अब हर रेंज पर होगी जांच टीम की तैनाती
अभी तक दिल्ली सरकार के फॉरेंसिक विभाग के पास रोहिणी मुख्यालय पर केवल दो मोबाइल लैब वैन थीं, जिन्हें किसी बड़ी घटना के बाद मुख्यालय से भेजा जाता था। लेकिन अब ये 6 वैन राजधानी के छह अलग-अलग रेंज कार्यालयों पर तैनात होंगी और किसी भी आपराधिक मामले में तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर सकेंगी।
चलती-फिरती फॉरेंसिक लैब की तरह करेंगी काम
मुख्यमंत्री गुप्ता ने बताया कि, ये वैन एक चलती-फिरती फॉरेंसिक लैब की तरह काम करेंगी। इनमें अपराध स्थल पर ही प्राथमिक विश्लेषण के लिए अत्याधुनिक तकनीकें मौजूद हैं, जिनमें डीएनए टेस्टिंग, खून के नमूनों की जांच, डिजिटल सबूतों की प्रारंभिक जांच और अन्य साइंटिफिक प्रक्रियाएं शामिल हैं। विशेषज्ञों की टीमें हत्या, चोरी, धोखाधड़ी और साइबर अपराध जैसे गंभीर मामलों में तुरंत जांच शुरू कर सकेंगी।
जांच प्रक्रिया में होगा वीडियो और फोटोग्राफी डॉक्युमेंटेशन
फॉरेंसिक टीम अपराध स्थल पर एक तय प्रक्रिया के तहत काम करेगी पहले स्थल की घेराबंदी, फिर फोटोग्राफी, स्केच बनाना, वीडियोग्राफी और फिर सबूतों का संग्रहण। इनका प्राथमिक परीक्षण कर फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जो बाद में न्यायालय में प्रस्तुत की जाती है। सीएम गुप्ता ने कहा कि, “हमारी सरकार टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर जनता को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। ये मोबाइल फॉरेंसिक लैब न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती देने का एक सशक्त माध्यम बनेंगी।” Delhi News