
Delhi News मणिपुर के लोगों के एक समूह ने मेइती समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के मुद्दे पर राज्य में हुई हिंसा के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर ‘‘मणिपुर बचाओ, मेइती बचाओ’’ जैसे संदेश लिखे गए थे।
मणिपुर में मेइती समुदाय द्वारा उसे अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में ‘ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर’ (एटीएसयूएम) की ओर से बुधवार को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी।
नगा और कुकी सहित अन्य आदिवासी समुदायों की ओर से इस मार्च का आयोजन मणिपुर उच्च न्यायालय द्वारा पिछले महीने राज्य सरकार को दिये गये उस निर्देश के बाद किया जिसमें राज्य सरकार से कहा गया था कि वह मेइती समुदाय की ओर से एसटी दर्जा दिये जाने की मांग पर चार सप्ताह के भीतर केंद्र सरकार को एक सिफारिश भेजे।