‘मिशन रीकनेक्ट 2.0’ की बड़ी कामयाबी, दिल्ली पुलिस ने लौटाए सैकड़ों गुम मोबाइल
दिल्ली
RP Raghuvanshi
28 Sep 2025 12:00 PM
दशहरे से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने आम लोगों को एक बड़ी राहत दी है। 'मिशन रीकनेक्ट 2.0' अभियान के तहत दिल्ली मेट्रो पुलिस ने चोरी और गुम हुए 350 से अधिक मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए हैं। इन मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। शनिवार को कश्मीरी गेट स्थित मेट्रो पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 80 से अधिक लोगों को उनके बरामद मोबाइल फोन सौंपे गए। यह पहल दिल्ली पुलिस की ओर से 'दशहरे का तोहफा' मानी जा रही है। Delhi News
मिशन रीकनेक्ट 2.0
दिल्ली मेट्रो पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, मेट्रो में दर्ज होने वाले करीब 87% अपराध मोबाइल चोरी से जुड़े होते हैं। ये मामले अधिकतर संगठित गैंग्स द्वारा अंजाम दिए जाते हैं, जो चोरी के मोबाइल को राज्य की सीमाओं के बाहर भेजकर काले बाजार में बेचते हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए पुलिस ने पांच स्पेशल टीमें बनाई हैं जो तकनीक और फील्ड एक्शन का बेहतरीन तालमेल दिखा रही हैं।
तकनीकी टीम: CEIR (Central Equipment Identity Register) जैसी तकनीकों से फोन की लोकेशन ट्रैक करती है।
फील्ड यूनिट: संदिग्धों तक पहुंचने और उनकी निगरानी का काम करती है।
नोडल अधिकारी इकाई: दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करती है।
कानूनी प्रक्रिया इकाई: अदालती कार्यवाहियों को तेज और आसान बनाती है।
री-कनेक्टिंग टीम: बरामद फोन को थाने या मालिकों के घर तक पहुंचाती है।
इस अभियान के तहत पुलिस की टीमें अब तक 15 से अधिक राज्यों में यात्रा कर चुकी हैं। यह पूरी कवायद दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा की निगरानी और विशेष पुलिस आयुक्त रॉबिन हिबू के नेतृत्व में की जा रही है। कार्यक्रम में मौजूद एक शिकायतकर्ता ने कहा, "हमने तो उम्मीद ही छोड़ दी थी। लेकिन पुलिस ने न सिर्फ हमारा फोन ढूंढ़ा, बल्कि त्योहार से पहले इसे वापस भी दे दिया ये किसी तोहफे से कम नहीं है।" Delhi News