दिल्ली की हवा हुई जहरीली, आनंद विहार में AQI 400 पार
दिल्ली
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:05 AM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:05 AM
दिल्ली में एक बार फिर हवा जहरीली हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 412 दर्ज किया गया है जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इस स्तर पर हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व न सिर्फ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं बल्कि सांस और हृदय से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए खतरे का कारण बन सकते हैं। Delhi News
कई इलाकों में एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को काबू में लाने के लिए दिल्ली सरकार और नगर निकायों ने सक्रियता दिखाते हुए राजधानी के कई इलाकों जिनमें इंडिया गेट भी शामिल है में एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। ये मशीनें पानी की महीन बौछारें छोड़कर हवा में मौजूद धूल और अन्य प्रदूषक कणों को नीचे बैठाने का काम करती हैं। पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक पाया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस इलाके में भारी ट्रैफिक और औद्योगिक गतिविधियों के चलते वायु गुणवत्ता अक्सर बेहद खराब रहती है।
प्रदूषण में लगातार हो रहा है इजाफा
हर साल की तरह इस बार भी सर्दियों के आगमन के साथ दिल्ली की हवा दमघोंटू हो गई है। पराली जलाने, वाहनों के धुएं, निर्माण कार्यों और औद्योगिक उत्सर्जन जैसे कारणों से प्रदूषण में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच, प्रदूषण बढ़ने के साथ ही एयर प्यूरीफायर और मास्क की मांग में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। व्यापारियों के मुताबिक, बीते कुछ दिनों में इनकी बिक्री में 60 से 70 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। कनॉट प्लेस स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर के विक्रेता ने बताया, “हर दिन दो से तीन ग्राहक एयर प्यूरीफायर खरीदने आते हैं, और हमें रोज़ाना 20 से ज़्यादा पूछताछ कॉल मिलती हैं।”
फिलहाल दिल्ली की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में है और अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में यह और खतरनाक हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और मास्क का इस्तेमाल करें। Delhi News