दिल्ली के सीमापुरी में बुधवार दोपहर अचानक एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई और देखते ही देखते पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। हादसे की असली वजह क्या है और मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हैं, इसका पूरा खुलासा रेस्क्यू अभियान और प्रशासन की जांच के बाद ही हो सकेगा।

Delhi News : देश की राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। करीब चार मंजिल की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के मलबे में 15 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया, जिसके बाद दो बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया। बाहर निकाले गए बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ अन्य लोगों को भी मलबे से निकालकर एंबुलेंस की मदद से राजीव गांधी अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है। राहत एवं बचाव अभियान अभी जारी है और मलबे के अंदर फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। Delhi News
जानकारी के मुताबिक, सीमापुरी में करीब 25 गज जमीन पर बनी इमारत में नीचे दुकानें और उसके ऊपर चार मंजिल थीं। बुधवार दोपहर अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते मौके पर मलबे का ढेर लग गया और आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। इसी दौरान दो बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत में बिल्डिंग मालिक का परिवार भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि परिवार समेत 15 से ज्यादा लोग मलबे में दब गए। हालांकि, हादसे में प्रभावित लोगों की सही संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस और दमकल की टीमें मलबे में फंसे लोगों को तलाशने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। Delhi News
सीमापुरी में बहुमंजिला इमारत गिरने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। राहत और बचाव अभियान के चलते सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि संभव हो तो इन रास्तों से गुजरने से बचें और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास वाहन रोकने या पार्किंग करने से भी लोगों को बचने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ नहीं लगाने की अपील की है। Delhi News
विज्ञापन